वाहृय स्तोत्र विद्युत कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

0 125

 

वाहृय स्तोत्र विद्युत कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

 

विद्युत दुर्घटनाओं में रोकथाम, सुरक्षा सावधानियां तथा सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण

सीधी 06 सितम्बर 2025

सीधी जिले में मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड संचारण संधारण संभाग सीधी के अंतर्गत कार्यरत वाहृय स्तोत्र विद्युत कर्मचारियों को विद्युत दुर्घटनाओं में रोकथाम, सुरक्षा सावधानियां तथा सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के संबंध में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले भर से चिन्हित लगभग 200 वाह्य स्त्रोत विद्युत कर्मचारियों को प्रशिक्षण में शामिल किया गया था।

 

प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा नियमों, सुरक्षा उपकरणों एवं संसाधनों के उपयोग, उपकेंद्र से परमिट लेने के नियम, कार्य स्थल पर सुरक्षा जोन बनाने संबंधी जानकारी इत्यादि विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सीधी जिले के अधीक्षण अभियंता श्री पंचराज तिवारी का पुष्पगुच्छ से स्वागत करते हुए, उनके उद्बोधन से प्रारंभ हुआ। उक्त कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता वृत्त सीधी श्री पंचराज तिवारी कार्यपालन अभियंता संचारण संधारण श्री अजीत सिंह बघेल, क्षेत्रीय लेखा अधिकारी सीधी श्री उपेन्द्र तिवारी, कनिष्ठ अभियंता शहर श्रीमती अनुराधा प्रकाश, कनिष्ठ अभियंता श्री पंकज पांडे, श्री शिव उजागर मिश्रा श्री विनोद पटेल, कार्यालय सहायक श्री व्ही एन सिंह, श्री मृगेंद्र सिंह एवं श्री वाय एल पटेल एवं अन्य कर्मचारी तथा वितरण केंद्र से आए हुए वाह्य श्रोत कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

कार्यशाला के संबंध में विस्तृत जानकारी कार्यपालन अभियंता संचारण संधारण अजीत सिंह बघेल के द्वारा दी गई। अधीक्षण अभियंता सीधी द्वारा सभी कर्मचारियों से विद्युत सुरक्षा सामग्री का उपयोग करते हुए सभी सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइए दी गई, साथ ही यह भी कहा गया कि यदि किसी के द्वारा सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जाएगी या लापरवाही पाई जाती है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी ।

 

सहायक अभियंता चुरहट श्री ए एल तिवारी द्वारा विद्युत दुर्घटनाओं से रोकथाम सुरक्षा सावधानियां तथा सुरक्षा उपकरणों के उपयोग के संबंध में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन दिया गया। सहायक अभियंता आर ई एस श्री मनोज कोगे के द्वारा विद्युत उपकेंद्र में कार्य करते समय ली जाने वाली सावधानियां के संबंध में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। इसी प्रकार कनिष्ठ अभियंता शहर शिव जागरण मिश्रा एवं कनिष्ठ अभियंता सीधी ग्रामीण श्री पंकज पांडे द्वारा फील्ड में सुरक्षा नियमों की पालन के संबंध में सभी कर्मचारियों से अपील की गई।

 

प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत कार्यपालन अभियंता सीधी अजीत सिंह बघेल द्वारा विद्युत वितरण प्रणाली में हो रहे ऊर्जा छति, फेल ट्रांसफार्मर की अभिलंब जानकारी देने, सही मीटर रीडिंग करने तथा विद्युत उपभोक्ताओं की केवाईसी/बैंक खाता विवरण इत्यादि बिलिंग प्रणाली में अपडेट करने की कार्रवाई को अविलंब पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया। कार्यक्रम उपरांत प्राइम 1 आउटसोर्स कंपनी द्वारा सभी प्रतिभागियों को टी शर्ट का वितरण करते हुए उनको कार्य के लिए प्रोत्साहित किया गया।

 

कार्यक्रम के अंत में कार्यपालन अभियंता अजीत सिंह बघेल ने सभी उपस्थित अधिकारियों, फील्ड से आए हुए सभी कर्मचारी, आउटसोर्स सेवा प्रदाता कंपनी के प्रतिनिधियों का कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार प्रकट किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी एवं जिला पंचायत के सभी कर्मचारी को विशेष धन्यवाद दिया जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

 

समाचार क्रमांक 42-1548 फोटो क्रमांक 58-60

—————–

 

जिले में किसानों हेतु उर्वरक (यूरिया) की आपूर्ति लगातार जारी है- उपसंचालक कृषि

 

सीधी 06 सितम्बर 2025

उपसंचालक कृषि ने जानकारी देकर बताया कि जिले में किसानों हेतु उर्वरक (यूरिया) की आपूर्ति लगातार जारी है। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। रविवार को छोड़कर प्रत्येक दिन उर्वरक वितरण जारी रहेगा। आज डबल लॉक केंद्र सीधी, अमिलिया, हड़बड़ो, कुछ समितियों एवं निजी विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को उर्वरक का वितरण किया जा रहा है। जिले को इफको से लक्ष्मी ट्रेडर्स हिनोती को 60 एमटी, निखिल ट्रेडर्स भदुरा 25.8 एमटी , डबललॉक सीधी 90 एमटी, चुरहट 100 एमटी, अमिलिया 75 एमटी एवं हड़बड़ो को 54 एमटी, कुड़िया, चुरहट व बड़ाटीकट समिति को 27-27 एमटी तथा एन एफ एल से डबललॉक अमिलिया व चुरहट को 50-50 एमटी यूरिया प्राप्त हुई है।

 

उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की चिंता न करें तथा घबराहट में अतिरिक्त यूरिया एक साथ न खरीदें। सभी कृषकों को उनकी आवश्यकता अनुसार यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, वैकल्पिक रूप से नैनो यूरिया का भी उपयोग लाभकारी सिद्ध होगा। ताकि किसी भी स्तर पर परेशानी उत्पन्न न हो।

 

समाचार क्रमांक 43-1549 फोटो क्रमांक 61, 62

—————–

 

जिले में औसत वर्षा 1161.5 मि.मी. दर्ज

 

सर्वाधिक वर्षा बहरी में

सीधी 06 सितम्बर 2025

अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि 06 सितम्बर को सीधी जिले में 6.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। तहसील रामपुर नैकिन में 1.5 मि.मी., चुरहट 5.0 मि.मी., गोपद बनास में 38.6 मि.मी., सिहावल में 0.0 मि.मी., बहरी में 0.0 मि.मी., मझौली में 0.0 मि.मी. और कुसमी में 0.0 मि.मी. वर्षा हुई है।

 

उल्लेखनीय है कि जिले में अब तक 1161.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई है। 01 जून से 06 सितम्बर तक तहसील बहरी में सर्वाधिक वर्षा 1275.1 मि.मी. दर्ज की गई है। तहसील रामपुर नैकिन में 920.59, चुरहट में 1078.0, गोपद बनास में 1248.2, सिहावल में 1198.6 मि.मी., मझौली में 1252.0 मि.मी. और कुसमी में 1158.0 मि.मी. औसत वर्षा हुई है जबकि गतवर्ष इसी अवधि में जिले में 1097.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज हुई थी। गतवर्ष की तुलना में इस वर्ष 64 मि.मी. औसत वर्षा अधिक हुई है।

 

समाचार क्रमांक 44-1550

—————–

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment