आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिला स्तर पर खंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
आदि कर्मयोगी अभियान के तहत जिला स्तर पर खंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

सीधी 05 सितम्बर 2025
आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत जिला मुख्यालय के त्रिवेणी पैलेश में खंड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम 03 से 05 सितंबर 2025 तक आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विकासखंडों से आए मास्टर ट्रेनर्स ने सहभागिता की। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के चित्र का माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। यह प्रशिक्षण जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री धनंजय मिश्रा के नेतृत्व में दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मिश्रा कहा कि जनजाति व्यक्ति और गांव अभी भी मुख्य धारा में सम्मिलित नहीं हो पाए हैं। अंतिम छोर पर बैठे जनजाति व्यक्ति को शासन की सभी सुविधाओं का लाभ मिल सके तथा आर्थिक, सामाजिक तथा शैक्षिक, स्वास्थ्य रूप से संपन्न और आत्मनिर्भर हो सके इस हेतु कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी विभागों को मिलकर एक साथ देना होगा अभी तक के प्रयास समन्वित नहीं रहे, समन्वित और एक साथ प्रयासों से ही यह हो पाएगा। पूरे मध्य प्रदेश में इस हेतु 3 लाख शासकीय कर्मचारी और अधिकारियों को प्रतिबद्ध लीडर के रूप में तैयार किया जा रहा है। ये सभी विभिन्न विभागों से होंगे तथा मिलकर काम करेंगे। इस कार्य में समुदाय तथा सामाजिक संगठन को साथ लिया जा रहा हैं। जनजाति गांव की योजना ग्राम स्तर पर बनेगी, जिससे गांव के लोग अपनी क्या जरूरत है, उन्हें सम्मिलित कर सकेंगे। अगले 5 साल यानी 2030 तक के लिए जनजाति ग्रामों का विजन प्लान तैयार होगा। भारत सरकार, राज्य स्तर, जिला स्तर, विकासखंड स्तर पर रेस्पॉन्सिव ग्रुप का गठन किया जा रहा है। ये ग्रुप अभियान का संचालन करेंगे तथा मॉनिटरिंग करेंगे। गांव में आदि सेवा केंद्र की स्थापना की जा रही है, जिसमें विभिन्न भागों की योजनाओं की जानकारी रहेगी। ग्रामीण जन अपनी समस्याएं भी इस सेवा केंद्र पर प्रस्तुत कर सकेंगे, जिसका निराकरण समय सीमा में किया जाएगा। ब्लॉक स्तर के मास्टर ट्रेनर्स सेक्टर पर ट्रेनिंग विभिन्न विभागों के कार्यों को अभियान के मैदानी कार्य के लिए प्रशिक्षित करेंगे। ग्राम स्तर पर गतिविधियां 30 सितंबर के पूर्व संपन्न होंगी, 2 अक्टूबर को इस हेतु विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन होगा।
अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन श्री मिश्रा ने कहा कि हमारे जिला मास्टर ट्रेनर्स पूर्ण समर्पण के साथ गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ब्लॉक लेवल मास्टर ट्रेनर रुचि के साथ प्रशिक्षण ले रहे हैं, हम अपने अभियान में कामयाब होंगे ऐसी उम्मीद है। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने अभियान के उद्देश्यों, कार्ययोजना एवं क्रियान्वयन की रूपरेखा पर विस्तृत जानकारी ली। साथ ही मास्टर ट्रेनर्स को आगामी प्रशिक्षणों एवं गतिविधियों के संचालन के लिए तैयार किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र संयोजक जनजाति कार्य विभाग राजेश पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं प्रशिक्षकगण उपस्थित रहे।