बी. डी. कॉलेज, पटना में बौद्ध धर्म विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन।
बी. डी. कॉलेज, पटना में बौद्ध धर्म विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का सफल आयोजन।
पटना, दिनांक 04, सितम्बर 2025।
पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय, पटना के अंगीभूत बी. डी. कॉलेज, पटना के प्राचीन इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व विभाग द्वारा विभागीय “गुरु गौरव कार्यक्रम” के अंतर्गत आज एक बौद्ध धर्म विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में बौद्ध दर्शन, उसकी शिक्षाओं एवं भारतीय सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जिज्ञासा और जागरूकता का विकास करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष श्रीमती नीतू तिवारी के स्वागत उद्बोधन और विषय-प्रवेश से हुआ। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा—बौद्ध धर्म की शिक्षाएँ केवल प्राचीन भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आज भी करुणा, अहिंसा, मध्यम मार्ग और बंधुत्व की दृष्टि से आधुनिक समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों में ज्ञान-विस्तार के साथ-साथ मूल्यबोध की भी स्थापना करेगी।
प्रतियोगिता के संचालन के उपरांत परिणाम की घोषणा की गई, जिसमें—प्रथम पुरस्कार : छोटू कुमार, द्वितीय पुरस्कार : स्वीटी कुमारी एवं तृतीय पुरस्कार : हिमांशु कुमार
को विजेता घोषित किया गया।
सभी विजेता विद्यार्थियों को विभागाध्यक्ष श्रीमती नीतू तिवारी ने पुरस्कृत किया।
समापन सत्र में विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. स्वर्णा कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा—विद्यार्थियों की सक्रिय और उत्साहपूर्ण सहभागिता यह प्रमाणित करती है कि हमारी युवा पीढ़ी न केवल ज्ञानार्जन में अग्रसर है, बल्कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और दार्शनिक परंपराओं से भी गहराई से जुड़ना चाहती है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की गहन रुचि और उनके उत्तरों की तर्कपूर्ण प्रस्तुति ने यह स्पष्ट किया कि बौद्ध धर्म आज भी शैक्षिक और नैतिक जीवन में प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम का वातावरण बौद्ध शिक्षाओं की गूंज से ओत-प्रोत रहा और अंत में सभी विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।