प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस सीधी में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन

0 384

 

प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस सीधी में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोज

सीधी 28 अगस्त 2025
प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में प्राचार्य डॉ. पी.के. सिंह के निर्देशन में उमंग उच्च शिक्षा हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय से आई हुई टीम द्वारा स्वास्थ्य प्रशिक्षण एवं जॉच शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र छात्राओं हेतु एनीमिया स्क्रीनिंग, सिकल सेल, ब्लड प्रेशर, शुगर, लेप्रोसी का टेस्ट और अधिकारी एवं कर्मचारियों हेतु NAFLD (नॉन अल्कोहलिक फैटी लीवर डिजीज) का जांच किया गया।

इस कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ.पी. के.सिंह ने अपने उद्बोधन में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि आजकल के समय में किसको कौन सी बीमारी हो जाए यह पता नहीं चलता तो इसके लिए अति आवश्यक है कि आप सभी लोग इस अवसर का जरूर लाभ उठाएं और अपनी- अपनी जांच कराए। चिकित्सालय से आए हुए पुष्पेंद्र पांडे, प्रोग्राम ऑफिसर ने सभी छात्र-छात्राओं से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए जांच करने की बात कही। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. रविंद्र नाथ सिंह, क्रीड़ा अधिकारी थे। कार्यक्रम का संचालन दिलीप कुमार सोनी कार्यक्रम अधिकारी ( पु.) राष्ट्रीय सेवा योजना ने किया। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकाधिक मात्रा में शैक्षणिक, अशैक्षणिक स्टाफ के साथ-साथ छात्रों छात्राओं ने परीक्षण कराया।

समाचार क्रमांक 202-1479 फोटो क्रमांक 341-343
—————–

सिहावल के ग्राम कुचवाही में मां के नाम एक पेड़ अभियान अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम

सीधी 28 अगस्त 2025
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला सीधी के जिला समन्वयक श्री शिवदत्त उरमलिया के मुख्य आतिथ्य एवं विकासखंड समन्वयक अनिल पाठक एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुचवाही के प्राचार्य के विशिष्ट आतिथ्य में जीवन ज्योति हाई स्कूल कुचवाही में मां के नाम एक पेड़ अभियान अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में आम नीम अमला कटहल करंज सहजन आदि पौधे रोपित किए गए जिसमें नवांकुर संस्था गीतांजलि जन कल्याण समिति सीधी से रविशंकर मिश्रा ग्राम विकास परफुटन समिति कुचवाही से शिवेंद्र गुप्ता ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति रजडीहा से शुभम तिवारी परामर्शदाता गोविंद प्रसाद गौतम ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति मरशरहा से राजेश सिंह जीवन ज्योति हाई स्कूल के समस्त शिक्षक छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण जन की उपस्थिति में पौधा रोपण कार्यक्रम किया गया। जिला समन्वयक द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु सभी से आग्रह किया गया कि हर शुभ कार्य जैसे जन्मोत्सव शादी की सालगिरह आदि अवसर पर हर व्यक्ति को एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लेनी चाहिए और उसका संरक्षण अनिवार्य रूप से करना चाहिए। इन्हीं पौधों से प्राप्त हवा द्वारा सभी सांस लेते हैं और जीवन निर्भर है। एक वृक्ष 100 पुत्र समान का नारा लगवाते हुए पौधा रोपण कराया गया। साथ ही एच आई वी एड्स जागरूकता कार्यक्रम अभियान कार्यक्रम अंतर्गत हाई स्कूल के छात्र छात्राओं को जागरूक किया गया।

समाचार क्रमांक 203-1480 फोटो क्रमांक 344-346
—————–

सेमरिया में उर्वरक विक्रय केन्द्र का निरीक्षण 28 बोरी यूरिया जब्त

सीधी 28 अगस्त 2025
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने जानकारी देकर बताया है कि जिले में यूरिया उर्वरक की कमी व कालाबाजारी की संभावना को देखते हुए दिनांक 28.08.2025 को राजस्व विभाग, कृषि विभाग एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल के द्वारा सूचना के आधार पर ग्राम सेमरिया विकासखण्ड सीधी में फुटकर उर्वरक विक्रेता कुवेर प्रसाद गुप्ता के उर्वरक गोदाम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जिसमें विक्रेता मौके पर उपस्थित नहीं होने पर संदिग्धता की स्थिति में गोदाम को सील किया गया। विक्रेता के गोदाम के पास ही वेदअंशिका मैरिज गार्डन के परिसर में 28 बोरी यूरिया का भण्डारण संदिग्ध स्थितियों में पाया गया जिसे मैरिज गार्डन के मालिक मनोज गुप्ता उपस्थिति में जब्त कर दिया गया।

निरीक्षण में राजस्व विभाग के एकता शुक्ला नायब तहसीलदार सेमरिया, कृषि विभाग के अनुविभागीय कृषि अधिकारी पी.एल. कुशवाहा, विवेक कुमार दुवे वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं पुलिस विभाग से सिद्धार्थ परौहा थाना प्रभारी सेमरिया मौके पर उपस्थित रहे।

समाचार क्रमांक 204-1481
—————–

पीएम श्री नवोदय विद्यालय चुरहट आवेदन सुधार की अंतिम तिथि 30 अगस्त

सीधी 28 अगस्त 2025
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट के प्राचार्य डॉ डी के त्रिपाठी ने बताया कि पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट सीधी में कक्षा छठवीं में प्रवेश परीक्षा के लिए जिन छात्रों ने आवेदन भरा है, यदि कोई सुधार करना चाहते हैं तो पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सुधार कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि सुधार की सुविधा 30 अगस्त 2025 तक रहेगी।

समाचार क्रमांक 205-1482
—————–

गिग एवं प्लेटफार्म श्रमिकों तथा अन्य असंगठित श्रमिकों का पंजीयन अभियान

ई-श्रम पोर्टल पर 5 सितम्बर 2025 तक होगा पंजीयन

सीधी 28 अगस्त 2025
सहायक श्रम पदाधिकारी ने जानकारी देकर बताया है कि गिग वर्कर एवं प्लेटफार्म श्रमिकों तथा अन्य असंगठित श्रमिकों के पंजीयन अभियान दिनांक 25.08.2025 से 05.09.2025 तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन के लिए ई-श्रम की वेबसाईट पर किया जा सकता है। इसमे गिग वर्कर प्लेटफार्म श्रमिक तथा अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिक अपने मोबाईल से अथवा अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर पर संपर्क कर पंजीयन कराया जा सकता है।

समाचार क्रमांक 206-1483
—————–

एनसीटीई पाठयक्रमों में प्रवेश में लिए तृतीय अतिरिक्त चरण
27 से 29 अगस्त तक होंगे ऑनलाइन पंजीयन

सीधी 28 अगस्त 2025
उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिये एनसीटीई पाठयक्रम संचालित करने वाले शासकीय/अनुदान प्राप्त अशासकीय/अशासकीय महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए तृतीय अतिरिक्त चरण की समय सारणी जारी की है।

जारी समय सारणी के अनुसार, एनसीटीई पाठयक्रमों में प्रवेश में लिए विद्यार्थी 27 से 29 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीयन/आवेदन कर सकेंगे। पंजीकृत आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन 27 से 30 अगस्त तक होगा। प्रवेश के लिये मेरिट सूची का प्रकाशन 1 सितंबर को होगा। विद्यार्थियों के लिए 2 सितंबर को सीट आवंटन जारी किया जाएगा। आवंटित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेजों (टीसी, माइग्रेशन) के साथ भौतिक सत्यापन के लिए विद्यार्थियों को उपस्थित होकर 2 से 4 सितंबर तक लिंक इनिशिएट कराना होगा। विद्यार्थियों को आवंटित महाविद्यालय में प्रवेश शुल्क का भुगतान 2 से 6 सितंबर तक करना होगा। आवंटित महाविद्यालय में शुल्क के भुगतान की अंतिम तिथि 6 सितंबर है। प्रवेश शुल्क का भुगतान कर चुके आवेदकों का ही प्रवेश मान्य होगा। विद्यार्थियों का प्रवेश के लिए यह अन्तिम चरण होगा।

समाचार क्रमांक 207-1484
—————–

परिवहन विभाग द्वारा वाहन रजिस्ट्रेशन के डेटाबेस में मोबाइल नम्बर अपडेशन के लिये अभियान
विभाग के सारथी पोर्टल पर दी गई है लिंक

सीधी 28 अगस्त 2025
प्रदेश में वाहन के पंजीयन और ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करते वक्त आवेदक को अपना मोबाइल नम्बर दर्ज करना अनिवार्य होता है। कई बार वाहन स्वामी की जगह डीलर अपना मोबाइल नम्बर दर्ज करा देते हैं। वाहन स्वामी और डीलर द्वारा सही मोबाइल नम्बर दर्ज कराने के बाद संबंधित व्यक्ति द्वारा मोबाइल नम्बर कुछ वर्षों बाद परिवर्तित कर देने के कारण डेटाबेस में संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर अपडेट नहीं रह पाता है। मोबाइल नम्बर अपडेट करने के लिये इन दिनों परिवहन विभाग द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। वाहन स्वामी अथवा डीलर नेशनल इंफोर्मेशन सेन्टर (एनआईसी) के वाहन सारथी पोर्टल पर जाकर स्वयं ही आसानी से मोबाइल नंबर अपडेट कर सकते हैं।

वाहन सारथी पोर्टल पर आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से मोबाइल नम्बर अपडेट करने की ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है। आधार में दर्ज आवेदक और उसके अभिभावक के नाम का वाहन पंजीयन और ड्रायविंग लायसेंस के डेटाबेस में दर्ज नाम से शत-प्रतिशत मिलान होने पर डेटाबेस में मोबाइल नम्बर तत्काल अपडेट हो जाता है। आधार पंजीयन और ड्राइविंग लायसेंस के डेटाबेस में दर्ज नाम में भिन्नता पाई जाती है, तो आवेदक को पोर्टल पर अपना कोई दूसरा परिचय पत्र जैसे आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र और पासपोर्ट अपलोड करना पड़ता है। आरटीओ कार्यालय द्वारा दर्ज दस्तावेज और आधार से आवेदक और उसके अभिभावक के नाम का पंजीयन और ड्राइविंग लायसेंस में दर्ज नाम का सत्यापन किया जाता है। अप्रूवल के बाद मोबाइल नंबर डेटाबेस में अपडेट हो जाता है। अपडेड प्रक्रिया को विस्तृत रूप से स्क्रीन शॉट के माध्यम से समझाने के लिए मध्यप्रदेश परिवहन विभाग के पोर्टल के होमपेज पर लिंक उपलब्ध कराई गई है।

वर्तमान में वाहन रजिस्ट्रेशन एवं ड्राइविंग लायसेंस संबंधी समस्त सेवाओं के लिये ऑनलाइन आवेदन लिये जा रहे है। डेटाबेस रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी प्राप्त कर आवेदक को अपना सत्यापन कराना होता है। मोबाइल नंबर डेटाबेस पर उपलब्ध न होने पर कई बार आवेदक इन सेवाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। संबंधित वाहन के विरूद्ध अन्य प्रणालियों से चालान जारी होने पर डेटाबेस पर सही नंबर न होने के कारण कई बार वाहन स्वामियों को चालान के संबंध में जानकारी प्राप्त नहीं हो पाती है। चालान का भुगतान लंबित होने पर ऐसे व्यक्तियों को परिवहन विभाग की सेवाओं से वंचित रहना पड़ सकता है। न्यायालयीन कार्रवाई की जाने पर उन्हें कोर्ट से समन भी आ सकते हैं। इन कारणों से मोबाइल नंबर अपडेट होना आवश्यक है। मोबाइल अपडेशन की विस्तृत प्रक्रिया मध्यप्रदेश परिवहन पोर्टल transport.mp.gov.in पर उपलब्ध है।

समाचार क्रमांक 208-1485
—————–

नेशनल लोक अदालत के संबंध में अधिकारियों के साथ प्रिंसिटिंग बैठक आयोजित

सीधी 28 अगस्त 2025
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री प्रयाग लाल दिनकर एवं श्रीमान यतीन्द्र कुमार गुरू विशेष न्यायाधीश/प्रभारी अधिकारी नेशनल लोक अदालत के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत में भू-अर्जन, नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण हेतु दिनांक 28.08.2025 को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, नगर पालिका एवं विद्युत विभाग के अधिकारीगण के साथ जिला न्यायालय परिसर स्थित ए.डी.आर. सेंटर भवन में प्रीसिटिंग बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आपसी विवादों के समाधान एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही लोक अदालत के माध्यम से आमजन को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की रूपरेखा पर बल दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लोक अदालत की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक मामलों को आपसी सहमति से निस्तारित करने के निर्देश प्रसारित किए गए।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी श्री मुकेश कुमार शिवहरे ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का आपसी समझौते से निस्तारण कर न्याय व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में सहयोग प्रदान करें।

उक्त बैठक में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी श्री मुकेश कुमार शिवहरे तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री मनीष कौशिक, श्री राकेश शुक्ला एस.डी.एम गोपदबनास, श्री अजीत सिंह बघेल कार्यपालन अभियंता एम.पी.ई.बी., विद्युत विभाग से उपस्थित श्री मनबहोर पटेल, सीता प्रसाद पाण्डेय, नगर पालिका से श्री ललोहर प्रसाद आर.आई. सहित एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण श्री रूपेन्द्र कुमार मिश्रा, श्री राजेश प्रताप सिंह उपस्थित रहे।

समाचार क्रमांक 209-1486 फोटो क्रमांक 347
—————–

असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन

सीधी 28 अगस्त 2025
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री प्रयाग लाल दिनकर, श्री यतीन्द्र कुमार गुरू विशेष न्यायाधीश की अध्यक्षता में जिला सीधी में दिनांक 28.08.2025 को न्यायाधीशगण हेतु नव-निर्मित आवासीय परिसर में नालसा (असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी सेवाएं) योजना 2015 अंतर्गत निर्माणाधीन भवन में कार्यरत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन प्रथम जिला न्यायाधीश श्री राकेश कुमार सोनी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मुकेश शिवहरे, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री सोनू जैन, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री मृदुल लटौरिया जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री मनीष कौशिक द्वारा किया गया।

उक्त शिविर मे प्रधान जिला न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री प्रयाग लाल दिनकर द्वारा श्रमिकों के संवैधानिक अधिकार, न्यूनतम मजदूरी, समान मजदूरी, ई श्रमिक कार्ड योजना, कर्मचारी क्षतिपूर्ति अधिनियम, कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम 1948, आयुष्मान कार्ड आदि लाभकारी योजनाओ के संबंध मे विस्तार से जानकारी प्रदान करने के साथ ही म.प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार मंडल तथा म.प्र.असंगठित (ग्रामीण एवं शहरी) कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी श्री मुकेश कुमार शिवहरे द्वारा उपस्थित श्रमिकों को उनके अधिकार, नालसा (असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए कानूनी सेवाएं) योजना 2015, श्रमिकों से संबंधित कानूनी सुविधाओं की जानकारी से अवगत कराया गया। सचिव श्री शिवहरे ने श्रमिकों को सुरक्षा मापदंड के बारे में अवगत कराया। साथ ही श्रमिकों को पारिश्रमिक का भुगतान समय पर किये जाने हेतु ठेकेदार को निर्देशित किया।

समाचार क्रमांक 210-1487 फोटो क्रमांक 348
—————–

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment