खाद संकट से किसान बेहाल : सीधी, सेमरिया और चुरहट में लंबी कतारें
खाद
संकट से किसान बेहाल : सीधी, सेमरिया और चुरहट में लंबी कतारे
सीधी।
यह कोई मेला नहीं बल्कि किसानों के साथ झमेला है। जिले के पटेलपुल स्थित विपणन संघ गोदाम में खाद लेने के लिए किसानों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि पूरी सड़क एक तरफ जाम हो गई। यही हाल सेमरिया और चुरहट के गोदामों का भी है, जहाँ सुबह चार बजे से ही किसान लाइन में खड़े हैं। इसके बावजूद अधिकतर किसानों को खाद मिल पाना मुश्किल नजर आ रहा है।
भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष विकाश नारायण तिवारी ने कहा कि, “किसान कड़ी मेहनत कर, कर्ज लेकर खेती करते हैं ताकि देश का पेट भर सके। लेकिन आज वही किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहे हैं। पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया में किसानों की समस्या प्रमुखता से उठाई जा रही है, बावजूद इसके सरकार पर कोई असर नहीं दिख रहा है। मंत्रिमंडल आखिर क्या कर रहा है कि अब तक खाद संकट का समाधान नहीं हो सका?”
उन्होंने आगे कहा कि जिले के जनप्रतिनिधि भी चुप्पी साधे बैठे हैं। “आज किसान सड़कों पर लाइन में खड़ा है और नेता आलीशान घरों में मज़े कर रहे हैं। जिन किसानों ने इन्हें चुनकर दिल्ली और भोपाल तक पहुंचाया, उन्हीं किसानों की पुकार आज अनसुनी की जा रही है।”
किसानों की यह स्थिति न केवल उनकी मेहनत पर पानी फेर रही है, बल्कि फसल की बुआई और उत्पादन पर भी सीधा असर डाल सकती है। किसान मांग कर रहे हैं कि प्रशासन तत्काल पर्याप्त खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करे, वितरण में पारदर्शिता लाए और कालाबाज़ारी पर सख्त कार्रवाई करे।
प्राईड इंडिया न्यूज़ हर सच जो आप जानना चाहें।