चुरहट खाद केंद्र में यूरिया की किल्लत, किसानों में गहरी नाराजगी

सीधी, चुरहट – कृषि कार्य के चरम समय में यूरिया खाद की किल्लत से किसान गहरे संकट में हैं। आज भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष विकाश नारायण तिवारी ने चुरहट खाद केंद्र का दौरा कर श्रमिकों और किसानों से चर्चा की। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि इस समय केंद्र पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों का कहना है कि चुरहट ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में खाद की कमी बनी हुई है। बुवाई और सिंचाई के इस अहम समय में खाद न मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है।
इस मौके पर कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ के संभागीय अध्यक्ष वीरभान सिंह ने कहा – “यूरिया की अनुपलब्धता से किसान परेशान हैं। सरकार और विभाग तुरंत आपूर्ति सुनिश्चित करें, वरना फसलें बर्बाद हो जाएँगी। कालाबाज़ारी और जमाखोरी करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।”
ग्रामीण किसानों ने बताया कि कई बार खाद केंद्रों पर घंटों लाइन लगाने के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।
भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष विकाश नारायण तिवारी ने भी प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि “किसानों की तकलीफ को गंभीरता से लिया जाए और पूरे जिले में खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषि कार्य बाधित न हो।”
किसान संगठनों और मजदूर संघों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।