देवेंद्रनगर का गौरव: ऋषि पाण्डेय का एल.एन. मेडिकल कॉलेज में चयन, सरस्वती शिशु मंदिर की परंपरा में जुड़ा नया अध्याय

0 382

देवेंद्रनगर (पन्ना, म.प्र.)।

नगर के सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने एक बार फिर अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इतिहास रचा है। विद्यालय के मेधावी छात्र ऋषि पाण्डेय का चयन भोपाल स्थित एल.एन. मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस हेतु हुआ है।

 

यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि विद्यालय की उस दीर्घ परंपरा का प्रतीक है, जिसने अब तक तीन दर्जन से अधिक छात्रों को चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश दिलाकर समाज और राष्ट्र की सेवा के योग्य बनाया है।

 

ऋषि के दादा डॉ. नरेंद्रप्रसाद पाण्डेय उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवा में चिकित्सक रहे हैं और संयुक्त निदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए। ऋषि ने अपनी सफलता का श्रेय दादा, नाना श्याम तिवारी, माता-पिता और विद्यालय के आचार्य परिवार को दिया।

 

पिता कैलाश पाण्डेय—जो खेती और पत्रकारिता से जुड़े हैं—ने भावुक होकर कहा,

“यह सफलता पूर्वजों और बड़ों के आशीर्वाद का प्रतिफल है। मेरे जीवन का सबसे बड़ा आधार और प्रेरणाश्रोत मेरा अपना सरस्वती शिशु मंदिर है, जहाँ से मैंने भी शिक्षा पाई। इस संस्था ने दशकों से अनेक होनहार विद्यार्थियों को गढ़कर समाज और राष्ट्र को समर्पित किया है।”

 

ऋषि की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, नगरवासी, पत्रकार विकास परिषद, जीरो सेवा समिति तथा मस्लक-ए-आला हजरत कमेटी सहित कई संस्थाओं व गणमान्यजनों ने हार्दिक शुभकामनाएँ दी हैं।

 

सरस्वती शिशु मंदिर, देवेंद्रनगर की निरंतर सफलताएँ यह प्रमाणित करती हैं कि यह संस्था केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र और राष्ट्रभावना के निर्माण में भी अग्रणी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment