मझौली में तालाब में डूबने से युवक की मौत, पुलिस ने आधे घंटे बाद निकाला शव

सीधी। मझौली थाना क्षेत्र के सरग तलैया तालाब में रविवार दोपहर नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर परिषद मझौली वार्ड क्रमांक 8 निवासी 28 वर्षीय सुनील द्विवेदी, पुत्र ज्वाला प्रसाद द्विवेदी के रूप में हुई है।
घटना दोपहर करीब 1 बजे हुई, जब सुनील अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित तालाब में नहाने गया था। पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वह अचानक डूब गया। हादसे के समय आसपास मौजूद लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन जोखिम भरी स्थिति के कारण कोई भी तालाब में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पाया।
सूचना मिलने पर मझौली थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विशाल शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एक पुलिस जवान और ग्रामीण की मदद से लगभग आधे घंटे की तलाश के बाद शव को बाहर निकाला गया। तब तक सुनील की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे आकस्मिक मौत माना जा रहा है।