रेलवे का फेस्टिवल ऑफर – रिटर्न टिकट पर 20% की बचत का सुनहरा मौका।
त्योहारों का मौसम शुरू होते ही रेलवे यात्रियों के लिए एक खास तोहफा लेकर आया है। अब एक ही ट्रेन में आने-जाने का टिकट बुक कराने पर किराए में सीधी 20% की छूट मिलेगी। यह ऑफर 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच वापसी यात्रा के लिए मान्य होगा। यह सुविधा केवल 14 अगस्त से बुक किए गए टिकटों पर लागू होगी, ताकि यात्री पहले से योजना बनाकर इसका लाभ उठा सकें।
रेलवे के अनुसार, यह योजना सिर्फ साधारण मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के लिए होगी। राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों पर यह छूट नहीं मिलेगी, क्योंकि इन ट्रेनों का किराया मांग के आधार पर तय होता है। यात्री अगर जाने और आने दोनों दिशाओं का टिकट एक साथ बुक करेंगे, तो वापसी यात्रा के किराए पर 20% की छूट स्वतः लागू हो जाएगी।
इस ऑफर का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें भी हैं। बुक किए गए टिकटों पर किराया वापसी नहीं होगी यानी एक बार टिकट कन्फर्म होने के बाद उसे कैंसिल करने पर कोई रिफंड नहीं मिलेगा। साथ ही यह सुविधा सिर्फ उसी ट्रेन, श्रेणी और मार्ग के लिए लागू होगी, जिसमें जाने और आने दोनों का टिकट एक साथ खरीदा गया हो।
रेलवे मंत्रालय ने बताया कि यह ऑफर त्योहारों के समय यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाया गया है। इससे यात्री न केवल अपने यात्रा कार्यक्रम को पहले से तय कर सकेंगे, बल्कि किराए में भी अच्छी खासी बचत कर पाएंगे।
उदाहरण के तौर पर, अगर किसी यात्री को दीवाली या छठ पर अपने घर जाना है और वापसी की तारीख भी निश्चित है, तो वह दोनों टिकट एक साथ बुक कर सकता है। ऐसे में आने-जाने का पूरा किराया देने के बजाय वापसी के किराए पर 20% की सीधी बचत होगी।
योजना का फायदा उठाने के लिए यात्री को बुकिंग के समय ही दोनों यात्रा की डिटेल देनी होगी। यह छूट सिर्फ एक ही क्लास और एक ही ट्रेन के लिए लागू होगी, जिससे यात्रा का अनुभव और भी आसान और किफायती बन सके।
त्योहारों में घर लौटने का उत्साह और बचत का आनंद – रेलवे का यह फेस्टिवल ऑफर यात्रियों के लिए दोनों खुशियां एक साथ लेकर आया है। तो अगर आप भी इस सीजन में सफर की सोच रहे हैं, तो समय रहते टिकट बुक कर बचत का यह मौका हाथ से न जाने दें।
प्राईड इंडिया न्यूज़ से ब्यूरो चीफ़ इंदर जीत सिंह भुल्लर।