रीवा कमिश्नर ने किया सिंगरौली कलेक्ट्रेट का निरीक्षण, तिरंगा विक्रय केंद्र पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों को किया प्रोत्साहित
प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा, "हर घर तिरंगा" अभियान को मिला बढ़ावा
सिंगरौली,

रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद अपने सिंगरौली जिले के प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों, नस्तियों एवं प्रकरणों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
जामोद ने विशेष रूप से राजस्व न्यायालयों में लंबित निगरानी प्रकरणों पर ध्यान देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन मामलों का निराकरण तय समय सीमा के भीतर किया जाए। साथ ही उन्होंने शाखा कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों के पास समय पर प्रस्तुत किया जाए ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। इस अवसर पर उन्होंने अपर कलेक्टर न्यायालय का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिंगरौली कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला भी उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न विभागों की स्थिति से कमिश्नर को अवगत कराया।
इसी प्रवास के अंतर्गत कमिश्नर जामोद ने “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत स्व-सहायता समूहों द्वारा आयोजित तिरंगा विक्रय केंद्र का भी भ्रमण किया। उन्होंने वहाँ समूहों द्वारा निर्मित तिरंगे, हैंडमेड राखियाँ एवं “श्री अन्न” से बने लड्डुओं का अवलोकन किया एवं खरीदारी कर समूहों का उत्साहवर्धन किया।
कमिश्नर ने स्व-सहायता समूहों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इस अवसर पर कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला एवं एसडीएम सृजन वर्मा भी उनके साथ मौजूद रहे।
कमिश्नर जामोद का यह दौरा न केवल प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता पर केंद्रित रहा, बल्कि स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने और राष्ट्रभक्ति से जुड़े अभियानों को समर्थन देने का भी उत्कृष्ट उदाहरण बना।