पुलिस भर्ती घोटाले को लेकर कांग्रेस का विधानसभा में हंगामा, नेता प्रतिपक्ष बोले – ये व्यापम पार्ट-2 है

0 336

विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट,

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर में आज कांग्रेस विधायक दल ने पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में हुए घोटाले को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि सभी कांग्रेस विधायक पुलिस की प्रतीकात्मक वर्दी पहनकर विधानसभा पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष उमंग श्रृंगार ने आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा हुआ है। असली अभ्यर्थियों की जगह फर्जी सॉल्वर परीक्षा दे रहे थे। जांच में कई मामलों में फोटो, सिग्नेचर, हैंडराइटिंग और फिंगरप्रिंट मेल नहीं खा रहे हैं। साथ ही फर्जी आधार कार्डों के जरिए भर्ती प्रक्रिया को धांधली से भरा गया।

उन्होंने बताया कि 7411 पदों की भर्ती में यह खुला खेल चल रहा है और सरकार इसमें भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है। इससे प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के साथ न केवल धोखा हुआ है, बल्कि उनका भविष्य भी खतरे में पड़ गया है।

नेता प्रतिपक्ष ने इस घोटाले को ‘व्यापम पार्ट-2’ करार दिया और मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए और दोषियों को सख्त सजा दी जाए।

कांग्रेस विधायकों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने इस घोटाले में पारदर्शिता नहीं दिखाई तो पूरे प्रदेश में जनआंदोलन किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment