भारतीय मजदूर संघ द्वारा ग्राम तेंदुआ में श्रमिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी,

सीधी, 28 जुलाई 2025 —
भारतीय मजदूर संघ, जिला सीधी के जिला उपाध्यक्ष विकास नारायण तिवारी द्वारा आज ग्राम पंचायत तेंदुआ में श्रमिकों की एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा गरीब, मजदूर और श्रमिक वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक को मिलना चाहिए।
इस अवसर पर ग्रामीण मजदूर संघ के जिला महामंत्री उद्र प्रसाद मिश्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “गांव के हर श्रमिक को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। जब श्रमिक खुद जागरूक होंगे तभी योजनाओं का वास्तविक लाभ उन तक पहुँच सकेगा।” उन्होंने आगे कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल आवाज उठाना नहीं, बल्कि समाधान तक पहुंचाना भी है।
ग्राम पंचायत तेंदुआ के सरपंच सुमित रावत ने भी बैठक में भाग लिया और आश्वासन दिया कि “हमारा प्रयास रहेगा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुँचे। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे।”
कार्यक्रम में स्थानीय श्रमिकों ने अपनी समस्याएं भी साझा कीं, जिन पर संगठन के पदाधिकारियों ने ध्यान देते हुए जल्द निराकरण का भरोसा दिलाया। यह कार्यक्रम श्रमिक जागरूकता और हक की लड़ाई की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।