यूपी में ‘शंख बजाओ, स्कूल बचाओ अभियान’ बना जन आंदोलन, सरकारी स्कूल बंद करने का विरोध

बीना / सोनभद्र – उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद करने के खिलाफ रविवार क़ो आम आदमी पार्टी ने “जगाओ शंख बजाओ, स्कूल बचाओ अभियान” चलाया है। पूरे प्रदेश में इस मुद्दे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किए गए।
सोनभद्र के जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने बताया कि प्रदेश प्रभारी सांसद संजय सिंह के आवाहन पर कार्यकर्ताओं ने सरकारी स्कूलों को बंद करने के खिलाफ प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। जिला संगठन प्रभारी ज्योति जंग सिंह के अनुसार योगी सरकार 27,000 स्कूल बंद कर 27,308 शराब की दुकानें खोल रही है।
इस अभियान के तहत पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक, अभिभावक और बच्चों ने सोनभद्र जिले के बंद किए गए सरकारी प्राथमिक विद्यालय पेटराही में जाकर शंख और थाली बजाकर जागरूकता फैलाने का प्रतीकात्मक प्रयास किया।
रमेश गौतम ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकारी स्कूलों को बचाने की लड़ाई लड़ रही है, जबकि भाजपा स्कूल बंद करने में लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता बच्चों की शिक्षा नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और उत्तर प्रदेश के बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए तब तक संघर्ष करेगी, जब तक सरकार इस फैसले को वापस नहीं लेती। पार्टी 2 अगस्त को लखनऊ के इको गार्डन में ‘स्कूल बचाओ आंदोलन’ का आयोजन करेगी। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश हाईकोर्ट की डबल बेंच ने उन स्कूलों को बंद करने की प्रक्रिया पर फिलहाल रोक लगा दी है, जिन पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
गौतम ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी से अपील की है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ न करें और स्कूल बंद करने का निर्णय तुरंत वापस लें। विरोध प्रदर्शन में शमशाम अहमद, विमलेश पटेल, परदेशी पटेल सहित कई लोग शामिल हुए।