जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया रोगी कल्याण समिति में अंशदान
विधायक रामनिवास शाह ने आमजन से की सहभागिता की अपील
सिंगरौली, 25 जुलाई 2025

सिंगरौली जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और ट्रॉमा सेंटर की चिकित्सा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से आज एक सराहनीय पहल के तहत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रोगी कल्याण समिति को आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे, एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा ₹2,62,000/- की राशि का सामूहिक अंशदान किया गया। यह राशि ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
विधायक रामनिवास शाह एवं कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने जिलेवासियों से भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील करते हुए कहा कि—
“हर नागरिक का छोटा-सा योगदान भी किसी जीवन को संजीवनी दे सकता है। आइए, इस जनकल्याणकारी पहल का हिस्सा बनें और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में मिलकर कदम बढ़ाएं।”
इस पहल के माध्यम से न केवल ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि इलाज के लिए आने वाले रोगियों को और भी बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
समिति के इस प्रयास की सर्वत्र सराहना की जा रही है।