♻️ वेस्ट मटेरियल से बनी उत्कृष्ट कलाकृतियों ने मोहा मन, कलेक्टर मिश्रा ने की सराहना

0 420


(रिपोर्ट – भगवती प्रसाद दुबे, मंडला ब्यूरो)

मंडला – सैयद हैदर रजा फाउंडेशन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मंडला नगर में वेस्ट मटेरियल से बनाई जा रही अनोखी और मनमोहक कलाकृतियाँ लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। इन कलाकृतियों का निर्माण देश के ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा सैयद हैदर रजा की स्मृति में नगर के एक ढाबे पर किया जा रहा है।

मंगलवार को मंडला कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने स्थल पर पहुँचकर इन कलाकृतियों का अवलोकन किया और कलाकारों के कार्य की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि “वेस्ट मटेरियल से इस तरह की बेहतरीन और प्रेरणादायक कलाकृतियाँ बनाना प्रशंसनीय है। इन्हें नगर के पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाया जाएगा, ताकि युवा वर्ग को प्रेरणा मिले।”

कलाकृतियों में रायपुर (छत्तीसगढ़) के श्री जितेंद्र साहू द्वारा बनाए गए राजकीय पक्षी दुग्धराज, श्री नरेन्द्र देवांगन की एनवायरमेंट बैलेंस (बरगद वृक्ष), जबलपुर के अमित कुमार सिन्हा की सैयद हैदर रजा और स्वामीनाथन की चित्रमयी प्रस्तुति, खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) के सुमित वर्मा का कमल का फूल, और ब्रजेश सेन का दीप प्रज्ज्वलन स्टैंड प्रमुख रूप से प्रदर्शित किए गए हैं।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट सहित अन्य अधिकारी एवं कलाकारगण उपस्थित रहे। आयोजन ने मंडला को कला और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक नई पहचान दी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment