टीएल नस्तियों को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के कलेक्टर ने दिए निर्देश,

सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने अभियान चलाकर शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाइन की नियमित समीक्षा करें तथा प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर शिकायतों को निराकृत करायें। कोई भी शिकायत नॉन अटेण्डेड नहीं रहे और निम्न गुणवत्ता से बंद शिकायतों की संख्या न्यूनतम रहे। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने तथा उसमें सतत रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कलेक्टर ने टीएल की नस्तियों पर एक सप्ताह के अंदर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जून-25 की शिकायतों के निराकरण में सभी विभाग ए-ग्रेड के लिए प्रयास करेंगे। शिकायतकर्ता से संपर्क कर उनकी वैध समस्याओं का तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर ने हितग्राही मूलक योजनाओं तथा भुगतान लंबित शिकायतों को प्राथमिकता पर निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण में उदासीनता या लापरवाही बरतने वाले एल1 तथा एल2 अधिकारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जावेगी।
बैठक में अपर कलेक्टर अंशुमन राज, डिप्टी कलेक्टर एसपी मिश्रा, उपखण्ड अधिकारी सिहावल प्रिया पाठक, मझौली आरपी त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी सहित सभी विभागोें के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।