भारी बरसात में मौत को दावत! बहरी से लौआर तक कीचड़ और फिसलन से जानलेवा हालात, पाइपलाइन ठेकेदारों की लापरवाही उजागर,

सीधी, मध्यप्रदेश – जिले में बारिश का मौसम लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। खासकर बहरी तहसील अंतर्गत बहरी से मायापुर और मायापुर से लौआर तक का मार्ग इस समय जानलेवा खतरे में तब्दील हो गया है। इसका मुख्य कारण है – नल-जल और सिंचाई पाइपलाइन जैसी योजनाओं के कार्य, जो ठेकेदारों द्वारा बरसात के मौसम में ही किए जा रहे हैं।
गांव-गांव में इन योजनाओं के लिए सड़क किनारे गहरी खुदाई की जाती है और फिर उसी गीली मिट्टी से उसे भर दिया जाता है। ना ही कंकड़ डाला जाता है, ना गिट्टी। नतीजा – भारी बारिश के कारण सड़कों पर गीली मिट्टी से भयंकर फिसलन हो रही है, जिससे हर वक्त दुर्घटना का खतरा बना रहता है। खासकर छोटे-बड़े वाहन चालकों को यहां जान हथेली पर लेकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये कार्य गर्मी या ठंड के मौसम में किए जा सकते थे, लेकिन जानबूझकर बरसात में इन्हें शुरू किया गया, जिससे आमजन की जान को जोखिम में डाल दिया गया है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की जा रही है कि ठेकेदारों की इस लापरवाही पर तत्काल संज्ञान लें और रास्तों की स्थिति को सुधारने के निर्देश जारी करें।
बरसात के बीच में किए जा रहे इस तरह के निर्माण कार्य आने वाले दिनों में और गंभीर हादसों का कारण बन सकते हैं। जरूरत है सख्त कार्रवाई और समयबद्ध समाधान की।