एक युद्ध सड़क दुर्घटनाओं के विरुद्ध: कोल परिवहन बायपास की मांग को लेकर AAP का धरना पांचवा दिन भी जारी
सिंगरौली/परसौना।

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं और कोल परिवहन से हो रहे जनजीवन के संकट के खिलाफ आम आदमी पार्टी का अनिश्चितकालीन धरना पांचवा दिन भी परसौना में जारी । पार्टी के जिला अध्यक्ष रतिभान प्रसाद के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन को स्थानीय ग्रामीणों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
AAP नेताओं ने स्पष्ट किया कि भारी वाहनों, विशेषकर कोल लोडेड ट्रकों के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पार्टी की प्रमुख मांग है कि इन वाहनों के लिए बायपास मार्ग का निर्माण किया जाए ताकि सार्वजनिक सड़कों से उनका आवागमन रोका जा सके।
इसके साथ ही आम आदमी पार्टी ने दुर्घटना पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता एवं मुआवज़ा नीति लागू करने की मांग भी की है।
धरना स्थल पर देवसर विधानसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में AAP कार्यकर्ता और ग्रामीणजन मौजूद हैं।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि जब तक प्रशासन सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तब तक धरना जारी रहेगा।