ललितपुर में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, रोहिणी डैम फुल, सड़कों पर भरा पानी

रिपोर्टर: प्रवीण जैन ललितपुर उत्तर प्रदेश
ललितपुर, उत्तर प्रदेश – जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। बारिश इतनी तेज़ है कि कच्चे घरों में पानी घुसने लगा है और कच्ची सड़कों पर भी जलभराव की स्थिति बन गई है।
सबसे गंभीर स्थिति रोहिणी डैम की है, जो पूरी तरह से भर चुका है। लगातार हो रही बारिश के कारण डैम से पानी छोड़ा जा सकता है, जिससे आसपास के गांवों को खतरा बढ़ गया है। साडू मॉल गांव में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। यहां पानी की मात्रा इतनी बढ़ गई है कि पुलिया फटने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों में डर का माहौल है और कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
सड़कों की हालत भी दयनीय हो चुकी है। कई मुख्य मार्गों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और ऊपर से पानी भरे होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
प्रशासन की ओर से स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते राहत कार्यों में भी दिक्कत आ रही है। लोगों से अपील की गई है कि वे जब तक आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
(प्रवीण जैन की रिपोर्ट, ललितपुर)