सोनभद्र में AAP का ‘स्कूल बचाओ अभियान’, कहा- मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए

0 279

 


बीना / सोनभद्र: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोनभद्र ज़िले में स्कूल बचाओ अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने किया। उनके साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने घोरावल विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और स्कूल बंद होने की समस्या को लेकर ग्रामीणों से संवाद किया।

जानकारी के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय करही पहले ही बंद हो चुका है। अब पेटराही और कन्हौरा प्राथमिक विद्यालय को भी बंद करने की प्रक्रिया चल रही है। इन संभावित बंद स्कूलों के बच्चों और अभिभावकों से AAP कार्यकर्ताओं ने मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानीं।

महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष दुर्गा देवी ने कहा कि, “स्कूल बंद होने से सबसे ज़्यादा असर गरीब, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है।” वहीं, घोरावल विधानसभा उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश को मधुशाला नहीं, पाठशाला की जरूरत है।”

इस मौके पर जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि AAP सरकारी स्कूलों को बचाने के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहाँ भी स्कूल बंद किए जाएंगे, वहाँ पार्टी कार्यकर्ता आंदोलन करेंगे।

कार्यक्रम में सदर विधानसभा अध्यक्ष दिनेश पटेल, पार्टी संरक्षक राजेंद्र मौर्या समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment