“देवसर के सरई स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों को मिला लैपटॉप, मंत्री संपतिया उइके की उपस्थिति में हुआ सम्मान समारोह”

“सिंगरौली जिले से रोहित शाह की रिपोर्ट”
सिंगरौली जिले के देवसर विधानसभा अंतर्गत ग्राम सरई स्थित शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आज एक भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार की प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम में प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सिंगरौली जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 94,234 विद्यार्थियों को ₹25,000 की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की। यह सहायता राशि उन विद्यार्थियों को दी गई है जिन्होंने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
मंत्री उइके ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हर बच्चे की प्रतिभा को निखारने के लिए ठोस प्रयास हो रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
इस आयोजन में देवसर विधायक श्री राजेंद्र मेश्राम, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री सुंदरलाल शाह, कलेक्टर सगरी चंद्रशेखर शुक्ला सहित प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।