मिलर मशीन नाली में धंसी, घर की बाउंड्री हुई क्षतिग्रस्त – ठेकेदार ने मरम्मत का दिया आश्वासन,

बीना/सोनभद्र: बीना पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत बीना बस स्टैंड पर मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक हादसा हो गया, जिसमें एक मिलर मशीन के नाली में धंस जाने से पास में स्थित एक घर की बाउंड्री क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिलर मशीन मसाला लेकर कोयला खदान की ओर जा रही थी। पुलिया के नीचे से गुजरते समय सामने से आ रही बाइक को देखकर चालक ने वाहन को किनारे करने की कोशिश की। मिलर पर भारी लोड होने के कारण सड़क किनारे की कमजोर नाली टूट गई और मशीन उसी में धंस गई। इसी दौरान बगल में स्थित घर की बाउंड्री भी चपेट में आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मशीन को बाहर निकालने के प्रयास में नाली के अन्य हिस्से को भी तोड़ना पड़ा, तब जाकर वाहन को किसी तरह बाहर निकाला जा सका।
घटना के बाद ठेकेदार ने आश्वासन दिया है कि जो भी क्षति हुई है, उसकी पूरी मरम्मत करवाई जाएगी। स्थानीय लोगों ने राहत की बात कही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि खदान जाने वाले इस रास्ते की मरम्मत और मजबूती पर ध्यान दिया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।