जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित,जिले में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने आगे आए बैंक- सीईओ जिला पंचायत,कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मछली पालन में हैं अपार संभावनाएं,

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट,
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अंशुमन राज की अध्यक्षता में बैंकर्स एवं जिला अधिकारियों की जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत बैंको को प्रदत्त लक्ष्यों के अनुरूप बैंकर्स प्रकरणों को स्वीकृत कर शीघ्र पूरा करें, जिससे शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिल सके।
उन्होंने शिक्षा ऋण के प्रकरण को प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। बैंकर्स सभी तरह के दस्तावेजों की जांच कर छोटी-छोटी समस्याओं के कारण प्रकरणों को निरस्त न करें आपसी समन्वय के साथ कार्य कर संबंधित से चर्चा कर ही निरस्त करें।
उन्होंने बैंकर्स को निर्देशित किया है कि इस वित्तीय में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत ऋण प्रकरण हेतु बैंकों को जो लक्ष्य प्राप्त हुआ है, प्राप्त लक्ष्यों के अनुरूप लंबित प्रकरणों को स्वीकृत कर ऋण वितरण की कार्यवाही करें।
उन्होंने कहा कि सभी बैंकर्स एवं अधिकारी समन्वय स्थापित कर बेहतर कार्य करें। जिससे शासकीय योजना के अंतर्गत ऋण वितरण की कार्यवाही प्राथमिकता के साथ की जा सके।
उन्होंने पात्र किसानों के अधिक से अधिक प्रकरण स्वीकृत कर किसान क्रेडिट कार्ड बनाये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कृषि, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के अंतर्गत बैंकों को प्रेषित प्रकरणों की विस्तार से जानकारी लेकर समीक्षा की।
उन्होंने स्व सहायता समूह अंतर्गत प्रदान किये जाने वाले ऋण प्रकरणों की समीक्षा कर बैंकर्स को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओ का लाभ आसानी से मिले जिससे उसका लाभ लेकर हितग्राही स्व रोजगार एवं रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सके।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धनंजय मिश्रा, एलडीओ श्री अंकुश सिन्हा, डीडीएम नाबार्ड श्री जी डी गोपेश, एलडीएम श्रीअवध बिहारी चौधरी, सांसद प्रतिनिधि श्री प्रमोद द्विवेदी सहित बैंकर्स एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।