सीधी: ग्राम दुआरी के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत, एक बच्ची गंभीर घायल,

0 376

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट, 

सीधी जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह दुर्घटना ग्राम दुआरी के पास उस समय हुई जब दो बाइकों की आमने-सामने तेज टक्कर हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में दो सगे भाई शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धूपगढ़ गांव निवासी अजीत सिंह (22 वर्ष) और हीरालाल सिंह (24 वर्ष) अपनी 12 वर्षीय फुफेरी बहन छोटी सिंह को उसके ननिहाल से घर छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही दूसरी बाइक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुहकुरिया गांव निवासी विजय बहादुर सिंह (27 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।

गंभीर रूप से घायल हीरालाल सिंह को रीवा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अजीत सिंह की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, छोटी सिंह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

दूसरी बाइक पर सवार नीरज सिंह और ईश्वर सिंह जाति प्रमाण पत्र बनवाने के बाद घर लौट रहे थे। नीरज सिंह का उपचार जारी है, जबकि ईश्वर सिंह को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment