आईटीआई की प्रथम मेरिट सूची 23 जून को होगी जारी
सिंगरौली, 22 जून 2025
शासकीय नोडल आईटीआई सिंगरौली के प्राचार्य ने जानकारी दी है कि जिले की सभी शासकीय आईटीआई में सत्र 2025 के लिए प्रवेश हेतु प्रथम मेरिट सूची 23 जून 2025 को जारी की जाएगी। जिन आवेदकों ने पूर्व में रजिस्ट्रेशन कराया है, उन्हें ट्रेड एवं संस्था का आवंटन ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
प्रवेश हेतु जिन आवेदकों को सीट आवंटित की गई है, वे 24 जून से 26 जून 2025 के बीच संबंधित आईटीआई संस्था में अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं उनके दो-दो छायाप्रतियों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश ले सकते हैं।
इस वर्ष आईटीआई प्रवेश प्रक्रिया को और सरल बनाते हुए प्रशिक्षण शुल्क दो किस्तों में जमा करने की सुविधा दी गई है।
प्रथम किस्त के रूप में ₹3250 की राशि प्रवेश के समय जमा करनी होगी।
दूसरी किस्त ₹2840 की राशि नवंबर-दिसंबर माह में जमा करनी होगी।
प्रशासन द्वारा दी गई इस सुविधा से आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को राहत मिलने की संभावना है।