नेता जी के इशारे पर चल रहे हैं साहब? हत्या के मामले में पीड़िता ने सरई थाना प्रभारी पर लगाए गंभीर आरोप, डीजीपी से हटाने की मांग,

0 2,472

सिंगरौली से रोहित शाह की रिपोर्ट 

सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें ग्राम भरसेड़ा निवासी पीड़िता दुर्गावती जायसवाल ने सरई थाना प्रभारी पर हत्या जैसे गंभीर मामले में लापरवाही बरतने और राजनीतिक दबाव में कार्य करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कार्यालय पहुंचकर थाना प्रभारी एवं सब इंस्पेक्टर सूरज सिंह को हटाए जाने की मांग की है।

पीड़िता का आरोप है कि 20 मई 2025 को दोपहर 12:30 बजे उसकी मां सुशीला देवी की हत्या उसी के परिवार के सदस्यों – कमलभान जायसवाल, चन्द्रमालाल जायसवाल, धर्मेन्द्र जायसवाल उर्फ जुगनू और नोहरलाल जायसवाल – द्वारा कर दी गई। लेकिन घटना की सूचना देने के बावजूद सरई पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

दुर्गावती का कहना है कि FIR दर्ज करने में पुलिस ने टालमटोल की। शव को मर्चुरी से सौंपते समय कहा गया कि पहले अंतिम संस्कार कर लो, बाद में कार्रवाई करेंगे, लेकिन आज तक FIR तक दर्ज नहीं की गई। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों की धमकियों के कारण वह अब तक अपनी मां का कियाकर्म (तेरहवीं) भी नहीं कर पाई है।

इतना ही नहीं, महिला थाना में शिकायत करने पर उसे फटकारकर भगा दिया गया। जब स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला, तो वह भोपाल पहुंची और DGP को आवेदन सौंपा।

पीड़िता का आरोप है कि सरई थाना प्रभारी न सिर्फ हत्या के आरोपियों को बचा रहे हैं, बल्कि गांजे के अवैध कारोबारियों को भी संरक्षण दे रहे हैं।

वहीं सरई SDOP राहुल सयाम का कहना है कि मामले में मर्ग कायम किया गया है और मेडिकल रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक आया है। संबंधित लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज कर लिए गए हैं। फरियादी को कई बार बुलाया गया, लेकिन वह नहीं आई। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन और सरकार इस मामले में निष्पक्षता दिखाते हुए दोषियों पर कार्रवाई करती है या यह मामला भी व्यवस्था की बेरुखी की भेंट चढ़ जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment