महिला अतिथि विद्वान का वेतन काटने पर भड़के अजय सिंह, बाबू को दी जिंदा गाड़ देने की धमकी – वीडियो वायरल

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट,
सीधी, मध्यप्रदेश:
जिले के खड्डी चौकी अंतर्गत एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति कॉलेज कर्मचारी को धमकाता हुआ नजर आ रहा है। वायरल वीडियो की पुष्टि प्राइड कदम न्यूज़ नहीं करता है, पर बताया जा रहा है कि यह घटना 10 जून की है।
जानकारी के अनुसार खड्डी कॉलेज के हिंदी विभाग में कार्यरत अतिथि विद्वान (गेस्ट टीचर) पुष्पा कुमारी यादव कई दिनों से अनुपस्थित थीं। इस पर कॉलेज के बाबू सुखसेन सूतीया ने नियमानुसार उनका वेतन काट दिया। जब यह बात अर्थशास्त्र विभाग के अतिथि विद्वान अजय सिंह गहरवार को पता चली तो वे कॉलेज पहुँचकर बाबू पर भड़क उठे।
वीडियो में अजय सिंह द्वारा कथित रूप से कहा गया – “नौटंकी बिल्कुल मत करना वरना तुझे जिंदा गाड़ देंगे…” – जैसी गंभीर धमकी और अभद्र भाषा उपयोग करते सुना जा सकता है।
इस घटना को लेकर बाबू सुखसेन सूतीया ने खड्डी चौकी में अजय सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी नीरज साकेत ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वर्तमान में कॉलेज स्टाफ और स्थानीय लोग इस घटना को लेकर चर्चा में हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि एक शैक्षणिक संस्थान में इस प्रकार की भाषा और व्यवहार कितना उचित है?
प्राइड कदम न्यूज़ इस घटना से संबंधित वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता, पर प्रशासन द्वारा की जा रही जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।