स्वच्छता अभियान में जुटे आप कार्यकर्ता, मधुपुर पीएचसी को बनाने का लिया संकल्प,श्रमदान कर आम आदमी पार्टी ने किया स्वास्थ्य केंद्र परिसर की सफाई, उठाई व्यवस्थाओं में सुधार की मांग,

बीना / सोनभद्र:
आम आदमी पार्टी सोनभद्र के कार्यकर्ताओं ने मधुपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। जिलाध्यक्ष रमेश गौतम के नेतृत्व में और काशी प्रांत कार्यकारिणी सदस्य ज्योति जंग सिंह के आह्वान पर आयोजित इस अभियान में कार्यकर्ताओं ने केंद्र परिसर में कूड़ा-कर्कट हटाया, घास-पात काटा और आसपास की साफ-सफाई की।
ज्योति जंग सिंह ने कहा, “हमारा लक्ष्य मधुपुर के स्वास्थ्य केंद्र को एक आदर्श स्वच्छता मॉडल बनाना है। उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बेहद दयनीय है, जिसे सुधारने की दिशा में हम लगातार प्रयास कर रहे हैं।”
जिलाध्यक्ष रमेश गौतम ने कहा कि पार्टी की विचारधारा है कि जब तक देश की मूलभूत सुविधाएं — शिक्षा और स्वास्थ्य — दुरुस्त नहीं होंगी, तब तक देश को सर्वश्रेष्ठ नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने बताया कि आप कार्यकर्ता हर महीने जिले के अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों पर श्रमदान कर सफाई अभियान चलाते हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष (एससी/एसटी प्रकोष्ठ) राजू सोनकर ने बताया कि मधुपुर अस्पताल में सफाईकर्मी महीनों पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन अब तक नए सफाईकर्मी की नियुक्ति नहीं हुई है। वहीं जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र मौर्या ने कहा कि मधुपुर स्वास्थ्य केंद्र केवल एक ढांचा बनकर रह गया है। यहां जांच संबंधी उपकरणों और जरूरी दवाइयों की भारी कमी है, जिसे तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर अनवर अली (माइनॉरिटी विंग जिला महासचिव), लक्ष्मण मौर्या, जियाउद्दीन, सलीम, अंकित कुमार, जय प्रकाश, मनोज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।