सिंगरौली में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित, फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं
सिंगरौली, 10 जून 2025 
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री की अध्यक्षता में आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते, थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना दिवेदी, थाना प्रभारी नवानगर ज्ञानेन्द्र सिंह, महिला थाना प्रभारी श्रीमती प्रियंका शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने प्रत्येक फरियादी से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को लेकर संबंधित थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महिला फरियादियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए महिला अधिकारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग कराई गई तथा शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
सिंगरौली पुलिस ने पुनः यह संदेश दिया कि वह आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कार्यरत रहेगी।