“सोन घड़ियाल अभ्यारण्य में जीवन की नई दस्तक: 5 मादा घड़ियालों ने दिए 135 बच्चे, संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक सफलता”

0 692

सीधी जिले के जोगदह स्थित सोन घड़ियाल अभ्यारण्य में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। पहली बार यहां 5 मादा घड़ियालों से कुल 135 बच्चों का जन्म हुआ है। यह पहला अवसर है जब इस अभ्यारण्य में घड़ियालों के नवजात शावक देखे गए हैं।

1991 में स्थापित इस अभ्यारण्य में शुरुआत में घड़ियाल और मगरमच्छों को बसाया गया था। वर्ष 2021 में दो नर घड़ियालों की मौत के बाद स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई थी। इसके बाद चंबल से एक नर घड़ियाल लाया गया, जिसकी मदद से यह प्रजनन सफलता मिली।

विशेषज्ञों का कहना है कि संरक्षण की राह अब भी चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि जन्म के बाद केवल 2% बच्चे ही जीवित रह पाते हैं। फिलहाल अभ्यारण्य में हैचरी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, लेकिन इसे जल्द शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।

अभ्यारण्य में वर्तमान में 38 वयस्क घड़ियाल, 74 मगरमच्छ, 41 स्कीमर, और 49 प्रजातियों के कुल 4015 पक्षी मौजूद हैं। चूंकि कम उम्र में नर और मादा घड़ियालों की पहचान कठिन होती है, इसलिए नवजात बच्चों को इस आंकड़े में शामिल नहीं किया गया है।

इस बीच पानी के तेज बहाव में एक नर घड़ियाल बहकर बिहार पहुंच गया है, जिसकी लोकेशन ट्रैक कर ली गई है, लेकिन मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों के बावजूद बिहार सरकार से उसे लाने की अनुमति नहीं मिल पाई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment