रामपुर नैकिन स्वास्थ्य केंद्र बदहाल व्यवस्था से जूझ रहा, दो डॉक्टरों पर सैकड़ों मरीजों की जिम्मेदारी

जिला ब्यूरो चीफ सीधी विनय कुमार त्रिपाठी,
सीधी जिले के रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। सोमवार को मौसमी बीमारियों से पीड़ित सैकड़ों मरीजों की भीड़ अस्पताल में उमड़ पड़ी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डॉक्टरों की भारी कमी के कारण मरीजों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। स्थिति यह रही कि कई मरीजों को समय पर इलाज भी नहीं मिल सका,
अस्पताल में केवल दो नियमित डॉक्टर—डॉ. श्वेता सिंह और डॉ. वरुण पाठक—ही कार्यरत हैं। पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं का बोझ इन्हीं दो डॉक्टरों पर है। मरीजों की अधिकता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक ही बेड पर तीन-तीन मरीजों को बैठना पड़ रहा है।
वहीं कुड़ियां गांव के मरीज राधेश्याम ने आरोप लगाया कि डॉ. वरुण पाठक इलाज के लिए 200 रुपए फीस लेते हैं। एक अन्य मरीज रानू लोनिया ने शिकायत की कि महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता सिंह अक्सर चेंबर में मौजूद नहीं रहतीं, जिससे महिलाओं को इलाज के लिए झोला छाप डॉक्टरों का सहारा लेना पड़ता है।
इस पूरे मामले पर बीएमओ डॉ. प्रेरणा त्रिपाठी ने कहा कि सीमित संसाधनों और डॉक्टरों के बावजूद 24 घंटे सेवा दी जा रही है। साथ ही उन्होंने डॉक्टरों की लापरवाही के आरोपों की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन भी मीडिया को दिया।