भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद डॉ संजय जायसवाल ने गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के संवाद कक्ष में किया प्रेस वार्ता आयोजित

डेहरी (रोहतास) 28 मई, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल ने कहा है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के रोहतास जिले में आगमन को लेकर पूरे बिहार में उत्साह है ।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के द्वारा बिहार में साढे़ अडतालीस हजार करोड रुपए की योजनाओं की शुरुआत उनके बिहार के प्रति स्नेह को दर्शाता है ।श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी बिहार की धरती पर ही ऐलान करके गए थे कि पाकिस्तान के आतंकियों द्वारा की गई कार्रवाई का मुहतोड़ जवाब देंगे और औपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद पहली बार बिहार की धरती पर आ रहे हैं। डॉक्टर जायसवाल ने कहा कि 30 मई को प्रधानमंत्री पटना गया डोभी फोरलेन, गोपालगंज टाउन के फोरलेन, सासाराम और अनुग्रह नारायण रेलवे स्टेशन पर स्वचालित सीढ़ियां ,सोन नगर और मुहम्मदगंज के बीच तीसरी रेलवे लाइन तथा जहानाबाद नवोदय विद्यालय में डोरमेट्री एवं स्टाफ क्वार्टर का उद्घाटन करेंगे। भाजपा नेता ने कहा कि औरंगाबाद जिले के नबीनगर में 2400 मेगावाट की क्षमता वाले ऊर्जा संयंत्र के शिलान्यास के साथ ही पटना आरा सासाराम फोरलेन, वाराणसी रांची कोलकाता सिक्स लेन के पैकेज 2 और 3 तथा 6 और 7 का शिलान्यास करेंगे ।उन्होंने कहा कि बक्सर और भरौली के बीच गंगा नदी पर पुल का शिलान्यास करने के साथ ही रामनगर कच्ची दरगाह सिक्स लेन एवं हार्डिंग पार्क पटना का फाइव टर्मिनल प्लेटफॉर्म का शिलान्यास भी करेंगे। उन्होंने कहा कि सारी योजनाओं में केंद्र सरकार द्वारा 48520 करोड रुपए खर्च किए जा रहे हैं जो कि बिहार के विकास के प्रति प्रधानमंत्री जी की सोच को दर्शाता है ।उन्होंने लोगों से अपील की कि बिक्रमगंज में कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे प्रातः शुरू होना है इसलिए वहां सभी को 8:00 बजे के पहले अपना स्थान ग्रहण करना चाहिए ।उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री पहली बार खुले जीप से समर्थकों और कार्यकर्ताओं के बीच से होते हुए मंच पर जाएंगे ।सभी कार्यकर्ता और समर्थकों के प्रति उनके सीधे संवाद को लेकर यह कार्यक्रम तय किया गया है। पत्रकार वार्ता में बिहार के महामंत्री राकेश वर्मा ,मंत्री त्रिविक्रम नारायण सिंह ,भाजपा नेता शिशिर कुमार ,अजय यादव विवेक कुमार सिंह आदि उपस्थित थे।