सीधी जिले अंतर्गत भइसरहा में सड़क के बीचोबीच खड़े हैंडपंप बनेंगे हादसे का कारण, प्रशासनिक लापरवाही से ग्रामीणों की जान जोखिम में

0 581

जिला ब्यूरो चीफ सीधी विनय कुमार त्रिपाठी 

सीधी जिला के ग्राम भइसरहा में सड़क चौड़ीकरण के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही को उजागर किया है, बल्कि लोगों की जान को भी खतरे में डाल दिया है। जनपद पंचायत रामपुर नैकिन क्षेत्र के इस गांव में वर्षों पुराने दो हैंडपंपों को हटाए बिना ही सड़क का चौड़ीकरण कर दिया गया। परिणामस्वरूप ये हैंडपंप अब सीधे सड़क के बीचों बीच आ गए हैं।

इन हैंडपंपों से गांव के लोग पीने के पानी की जरूरत पूरी करते थे, लेकिन अब पानी भरने जाना उनके लिए जानलेवा चुनौती बन गया है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच लोग जान जोखिम में डालकर पानी भरने को मजबूर हैं। यह स्थिति न केवल ग्रामीणों के लिए खतरनाक है, बल्कि राहगीरों के लिए भी एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, खासकर रात के समय, जब दृश्यता कम होती है।

यह मामला प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाता है, क्योंकि न तो सड़क निर्माण के दौरान इन हैंडपंपों को हटाया गया और न ही इनकी व्यवस्था किसी अन्य स्थान पर की गई।

जब इस विषय में सीधी कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं, एसडीएम चुरहट शैलेंद्र द्विवेदी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि इस विषय में अब तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन उन्होंने जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द इन हैंडपंपों को स्थानांतरित कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले समाधान निकाला जा सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment