पारिवारिक विवाद में पड़ोसी पर जानलेवा हमला: सिर में लगे पांच टांके, हाथ में फैक्चर

जिला ब्यूरो चीफ सीधी विनय कुमार त्रिपाठी
सीधी। जिले के हनुमानगढ़ गांव में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक पारिवारिक विवाद ने उग्र रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि रविंद्र भुजवा के परिवार में चल रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे पड़ोसी हंसराज यादव पर ही हमला हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद में शामिल करीब 6 से 7 लोगों ने हंसराज यादव पर अचानक लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने यादव के सिर पर पांच टांके लगाए हैं, वहीं एक हाथ में फ्रैक्चर की भी पुष्टि हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सेमरिया थाना प्रभारी भूपेंद्र बागरी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़ित परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।