जमुआर गांव में पिकअप और ऑटो की भीषण भिड़ंत, युवक की मौके पर मौत

सीधी। बहरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जमुआर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मायापुर की ओर जा रही एक पिकअप गाड़ी ने सामने से आ रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो खुटेली गांव से बहरी होते हुए पिपरहिया रिश्तेदारी के लिए जा रहा था। ऑटो में सवार युवक की पहचान बिहारी साकेत (30 वर्ष), निवासी खुटेली के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और बिहारी साकेत की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बहरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पिकअप चालक की तलाश जारी है। इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
—