जहानाबाद में गूंजा ‘बुद्धं शरणं गच्छामि’, बौद्ध महोत्सव में शांति-सद्भाव का संदेश

0 352

पूरी खबर:
जहानाबाद। कौपरेटिव बैंक परिसर में सोमवार को भव्य बौद्ध महोत्सव का आयोजन किया गया। इस आयोजन की अध्यक्षता एसी/एसटी कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. अरविंद चौधरी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण — “बुद्धं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि” के साथ दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर भगवान महात्मा बुद्ध के श्रीचरणों में पुष्प अर्पित कर देश व प्रदेश में अमन-चैन की प्रार्थना की गई।

डॉ. अरविंद चौधरी ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन सत्य, अहिंसा, दया, धर्म और करुणा जैसे नैतिक मूल्यों की स्थापना का प्रतीक है, जो आज भी समाज में प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि आत्मज्ञान और परोपकार के पथ पर चलकर बुद्ध ने मानवता को नई दिशा दी, जिससे सर्वधर्म समभाव और सभी जीवों के प्रति दया का भाव विकसित हुआ।

इस अवसर पर राजद के जिला महासचिव विनोद यादव ने कहा कि महात्मा बुद्ध ने अपने जीवन से विश्व शांति और करुणा का संदेश दिया। आज जब दुनिया युद्ध की ओर बढ़ रही है, ऐसे समय में बुद्ध के सिद्धांतों की आवश्यकता अधिक है। उन्होंने ‘युद्ध नहीं, बुद्ध चाहिए’ का आह्वान करते हुए कहा कि भारत वसुधैव कुटुम्बकम की भावना से जीने वाला देश है।

संगीत शिक्षक अलबेला जी ने भगवान बुद्ध के त्याग और ज्ञान प्राप्ति की चर्चा करते हुए कहा कि उनका जीवन चरित्र आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सिद्धार्थ से बुद्ध बनने की यात्रा मानवता के कल्याण के लिए हुई।

कार्यक्रम में सीता राम चौधरी, दीपक कुमार चौधरी, सूरज कुमार, गोलू कुमार, अंकित कुमार, बृजेश कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। मंच संचालन जीवन पासवान ने किया।
(नवीन कुमार, संवाददाता — पटना, बिहार)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment