समग्र पोर्टल पर विशेष ई-केवाईसी अभियान प्रारंभ 31 मई 2025 तक करा सकेंगे ई-केवाईसी

0 623

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

डिंडौरी : 04 अप्रैल, 2025
राज्य शासन द्वारा समग्र पोर्टल पर पंजीकृत नागरिकों की आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन को सुनिश्चित करने हेतु 01 अप्रैल 2025 से 31 मई 2025 तक विशेष ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में पंजीकृत प्रत्येक नागरिक का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण करना है, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर और सुगमता से मिल सके।
डिंडोरी जिले में 30 मार्च 2025 की स्थिति में कुल 8,85,005 नागरिक पंजीकृत हैं, जिनमें से अब तक 5,15,933 नागरिकों की ई-केवाईसी पूर्ण की जा चुकी है। यह कुल आंकड़े का 58.30 प्रतिशत है। शेष नागरिकों का ई-केवाईसी कार्य शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अभियान को प्राथमिकता दी जा रही है।
अपर कलेक्टर श्री सुनील शुक्ला के निर्देशानुसार जिले में ई-दक्ष वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री दीपक चौबे, ई-दक्ष प्रशिक्षक श्री संतोष बनोटे एवं सहायक ई-गवर्नेंस मैनेजर श्री भरत अग्रवाल द्वारा सभी जनपदों के पंचायत सचिवों एवं रोजगार सहायकों को ई-केवाईसी प्रक्रिया हेतु आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इससे वे ग्राम स्तर पर आमजन की सहायता कर सकें और ई-केवाईसी प्रक्रिया को सुगमता से संपन्न करा सकें।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे 31 मई 2025 की निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना समग्र ई-केवाईसी सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाएं। इसके लिए नागरिक अपने नजदीकी पंचायत कार्यालय, जनसेवा केंद्र या निर्धारित केंद्रों पर आधार के साथ संपर्क कर सकते हैं।
ई-केवाईसी सत्यापन से न केवल योजनाओं की पात्रता का निर्धारण सटीक रूप से हो सकेगा, बल्कि पारदर्शिता और लाभ वितरण की प्रक्रिया भी प्रभावी रूप से संचालित की जा सकेगी। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपेक्षा करते हुए समय पर ई-केवाईसी को पूर्ण कराने का आग्रह किया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment