सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर कार्यशाला आयोजित

0 185

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी से क्राइम रिपोर्टर शाहिद खान

साइबर सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के विषय में किया गया जागरूक

साइबर अपराध की शिकायत सायबर हेल्पलाइन 1930, एनसीआरपी पोर्टल या नजदीकी पुलिस स्टेशन में अवश्य दर्ज कराएं

सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जमीनी स्तर पर लोगों में साइबर सुरक्षा और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग की प्रासंगिकता के बारे में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला सूचना अधिकारी दशरथ प्रजापति तथा प्रशिक्षक ई-दक्ष केंद्र पंकज पाण्डेय द्वारा साइबर सुरक्षा के विषय में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गई।

उन्होंने बताया कि कभी भी कॉल्स पर अपनी संवेदनशील जानकारी जैसे ओटीपी, आधार, पैन या बैंक विवरण साझा न करें। अनियंत्रित आधार भुगतान सूचनाओं से सतर्क रहें। कभी भी अज्ञात नंबरोें से आने वाले लिंक पर क्लिक न करें जो केवाईसी अपडेट के बहाने आपकी संवेदनशील जानकारी साझा करने के लिए निवेदन करें। कभी भी अज्ञात नंबरों से आने वाली कॉल्स पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी या पैसों से संबंधित मांग को पूरा न करे। सतर्क रहे कभी भी भुगतान प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड स्कैन या ओटीपी/पीआईएन साझा न करें, ये स्कैम के तरीके हो सकते हैं। ट्राई या टेलीकॉम विभाग के नाम पर आने वाली कॉल्स पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही करने से बचें। अपनी व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन साझा न करें और अपनी डिजिटल पहचान को सुरक्षित रखें। वास्तविक कूरियर सेवाएं बिना बुकिंग किए पार्सल के लिए कोई शुल्क नहीं लेतीं। उच्च लाभ के प्रति प्रेरित करने वाले ऑनलाइन निवेश ऑफरों से बचें। अपने मोबाइल पर ऐप्स की नियमित जॉच करें अनावश्यक अनुमतियॉ रद्द करें और अनुपयोगी ऐप्स को हटा दें। कोई सरकारी एजेंसी (पुलिस, सीबीआई, ईडी) वीडियो या वॉयस कॉल्स के माध्यम से आपकी जॉच या गिरफ्तारी नही कर सकती। संवेदनशील लेन-देन जैसे बैंकिंग, कानून, स्वास्थ्य संबंधित जानकारी इत्यादि के लिए सार्वजानिक वाई-फाई का उपयोग करने से बचें। किसी भी प्रकार का साइबर अपराध होने पर उसकी शिकायत सायबर हेल्पलाइन 1930, एनसीआरपी पोर्टल या नजदीकी पुलिस स्टेशन में अवश्य दर्ज कराएं।

कार्यशाला में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग आर. सी. त्रिपाठी, जिला जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment