गोपाल यादुका हत्याकांडः रुपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल ने कोर्ट में किया सरेंडर, बेटा अब भी फरार
कुमार भास्कर
पटना। पूर्णिया के भवानीपुर में अपराधियों ने 2 जून को दिनदहाड़े व्यवसायी गोपाल यदुका की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस मामले में पुलिस शूटर विशाल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. इसके अलावा इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड कहे जा रहे जमीन ब्रोकर संजय भगत को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. हत्याकांड की जांच में यह बात सामने आई थी कि बीमा भारती के बेटे राजा मंडल ने हत्या के लिए 5 लाख की सुपारी दी थी. साथ ही हत्या के लिए हथियार भी मुहैया कराए थे.मामले में अदालत ने 25 जून को गोपाल यदुका हत्याकांड में रुपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल एवं पुत्र के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था. जिसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है. अब सोमवार को अवधेश मंडल ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया. वहीं इस मामले में बीमा भारती का बेटा राजा मंडल अभी भी फरार चल रहा है.बीमा भारती ने 2020 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू के टिकट पर रुपौली विधानसभा से चुनाव जीता था. अभी हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में पूर्णिया लोकसभा सीट से आरजेडी कैंडिडेट के रूप में चुनाव लड़ा था. जिसमें उसकी हार हुई थी. लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए उसने विधायक से इस्तीफा देकर राजद पार्टी में शामिल हुई थी. जिस वजह से रुपौली में उपचुनाव हुआ. इस उपचुनाव में भी उसे हार का सामना करना पड़ा. बीमा भारती के पति अवधेश मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है.