नवगठित बी-पैक्स रूपापुर सहकारी समिति का शुभारंभ, किसानों को मिलेंगी एक छत के नीचे कई सुविधाएं

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। जलालाबाद। विकासखंड जलालाबाद के रूपापुर में नवगठित बी-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति) का शुभारंभ विधायक हरिप्रकाश वर्मा और जिला सहकारी बैंक शाहजहांपुर के सभापति डीपीएस राठौर ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कहा कि सहकारिता विभाग की यह पहल क्षेत्र के किसानों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारिता व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को लाभ मिलेगा।
जिला सहकारी बैंक के सभापति डीपीएस राठौर ने कहा कि नवगठित बी-पैक्स के माध्यम से किसानों को खाद, बीज, ऋण और अन्य कृषि संबंधी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी। इससे किसानों का समय बचेगा और उन्हें बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक होगी।
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारी डॉ. गणेश गुप्ता ने सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान शिवरतनलाल अपर जिला सहकारी अधिकारी जलालाबाद, हरिकेश परमार अपर जिला सहकारी अधिकारी सदर, सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समिति सदस्य और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने समिति के शुभारंभ का स्वागत करते हुए इसे किसान हित में सराहनीय पहल बताया।