शहपुरा में छह गोवंश से भरी पिकअप जब्त, चालक फरार

राष्ट्रीय बजरंग दल के नगर अध्यक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, चालक की तलाश जारी

0 2,268

 

 

शहपुरा, डिंडोरी। शहपुरा थाना क्षेत्र में गोवंश परिवहन से जुड़े मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक पिकअप वाहन क्रमांक MP 20 ZJ 0536 में छह गोवंश मिलने की बात सामने आई है। बताया गया कि वाहन चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय बजरंग दल के शहपुरा नगर अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल ने अपने सहयोगियों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत में बताया गया कि पिकअप वाहन में गोवंश ले जाए जाने की सूचना मिलने पर वे अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान वाहन चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया।

 

शिकायत के मुताबिक, वाहन के अंदर छह गोवंश मिले। शिकायतकर्ता और उनके साथियों ने चालक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पिकअप वाहन को थाने लाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

 

शिकायत के आधार पर शहपुरा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक शेख आजाद को सौंपी गई है। पुलिस अब फरार वाहन चालक की पहचान करने और गोवंश के परिवहन से संबंधित तथ्यों की जांच में जुटी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment