सीधी में अवैध खनन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, 9 वाहन और 1 जेसीबी जब्त

रेत और मुरूम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कार्रवाई, वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध दर्ज होंगे प्रकरण

0 2,294

 

सीधी, 10 अक्टूबर 2026। सीधी जिले में अवैध खनन और खनिजों के अनाधिकृत परिवहन के विरुद्ध खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 9 वाहनों और 1 जेसीबी मशीन को जब्त किया है। जब्त वाहनों में 4 हाइवा, 2 ट्रैक्टर, 1 पिकअप श्रेणी का 407 वाहन तथा मुरूम के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 2 अन्य हाइवा शामिल हैं।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग के दल ने तहसील गोपदबनास, बहरी और कुसमी के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। इस दौरान रेत और मुरूम के अनाधिकृत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों को जब्त किया गया।

रेत के अवैध परिवहन में 7 वाहन जब्त

कार्रवाई के दौरान रेत का अनाधिकृत परिवहन करते पाए जाने पर चार हाइवा वाहन क्रमांक MP17ZM2590, MP17ZP9372, MP17ZL2035 एवं MP17HH4178 को जब्त किया गया। इसके अलावा दो ट्रैक्टर क्रमांक MP53ZC2823 एवं MP53ZD6572 तथा चेसिस क्रमांक MAT804301N8D07804 वाले एक 407 वाहन को भी जब्त किया गया।

मुरूम के अवैध उत्खनन पर भी कार्रवाई

खनिज विभाग की टीम ने मुरूम के अनाधिकृत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त दो हाइवा वाहन क्रमांक MP53ZH8001 एवं MP53HA1987 को जब्त किया। साथ ही चेसिस क्रमांक RAJ3DXE5V03593012 वाली एक जेसीबी मशीन भी जब्त की गई।

अलग-अलग थानों में रखे गए जब्त वाहन

जब्त किए गए वाहनों और जेसीबी मशीन को सुरक्षा की दृष्टि से जिले के विभिन्न पुलिस थानों में खड़ा कराया गया है। इनमें 6 वाहन और 1 जेसीबी मशीन थाना कोतवाली में, एक वाहन थाना जमोड़ी में, एक वाहन थाना बहरी में तथा एक वाहन थाना कुसमी में रखा गया है।

वाहन मालिकों के विरुद्ध दर्ज होंगे प्रकरण

खनिज विभाग के अनुसार, संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण तैयार कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अवैध खनन के विरुद्ध जारी रहेगा अभियान

कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment