कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए पंजीयन शुरू
कलेक्टर ने जनजागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, 5 नवंबर तक करा सकेंगे किसान ई-पंजीयन

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
डिंडौरी, 9 अक्टूबर 2026।
खरीफ वर्ष 2026 के अंतर्गत रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत कोदो-कुटकी की शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीदी की जाएगी। इसके लिए किसानों का ई-पंजीयन 6 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। निर्धारित मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लिए किसानों को पंजीयन कराना अनिवार्य है।
इसी कड़ी में शुक्रवार को कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के किसानों को कोदो-कुटकी के ई-पंजीयन की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सीमा और योजना के लाभों के संबंध में जागरूक करेगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ना और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी श्री अशोक कुमार सोलंकी, NIWCYD संस्था के जिला समन्वयक ज्ञान प्रकाश झारिया, रेखा पंद्राम, उपसंचालक कृषि डॉ. राजेश सिंह चौहान, नेहा धुरिया सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
किसानों से समय पर पंजीयन कराने की अपील
जिला प्रशासन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे 5 नवंबर 2026 तक अपना ई-पंजीयन अवश्य करा लें। निर्धारित समय-सीमा में पंजीयन कराने से किसान रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत अपनी कोदो-कुटकी की उपज शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर बेच सकेंगे।