ग्रामीणों के बीच पहुंचीं कलेक्टर, चौपाल में सुनीं समस्याएं; घाट, सड़क और नल-जल व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश

0 26

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )

 

बच्चों से संवाद कर स्कूल, आंगनवाड़ी और स्वास्थ्य सुविधाओं की ली जानकारी, कारोपानी के हिरनों के संरक्षण पर भी हुई चर्चा

 

डिंडौरी, 08 अक्टूबर 2026।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विकासखंड बजाग के कारोपानी एवं चरखुटिया क्षेत्र का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। चरखुटिया में आयोजित चौपाल में करीब 60 से 70 ग्रामीणजन शामिल हुए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से क्षेत्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की स्थिति की जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

 

चौपाल में कलेक्टर ने बच्चों और ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए स्कूल, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, नल-जल योजना और सड़क सहित अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी चर्चा की। ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से कलेक्टर को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

नर्मदा किनारे घाट निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्रीमती भदौरिया नर्मदा नदी के किनारे पहुंचीं और आवश्यक स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने जहां घाट की आवश्यकता है, वहां घाट निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को घाट निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजने के निर्देश दिए गए।

 

इसके साथ ही क्षेत्र में नल-जल योजना की पाइपलाइन अथवा अन्य संरचनाओं के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल मरम्मत कार्य कराने तथा पेयजल व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। सड़क से संबंधित आवश्यक कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजने को भी कहा गया। समस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल पर ग्रामीणों ने कलेक्टर के प्रति आभार जताया।

 

कारोपानी के करीब 250 हिरनों के संरक्षण पर जोर

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने कारोपानी क्षेत्र में मौजूद लगभग 250 हिरनों की सुरक्षा एवं संरक्षण को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की। उन्होंने हिरनों की गतिविधियों, उनके संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा वन क्षेत्र में उनकी सुरक्षा की स्थिति की जानकारी ली।

 

कलेक्टर ने ग्रामीणों से वन्यजीवों के संरक्षण में सक्रिय सहयोग करने और हिरनों को किसी भी प्रकार की क्षति से बचाने की अपील की। उन्होंने वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को हिरनों की सुरक्षा, निगरानी और संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने भी वन्यजीवों के संरक्षण में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

 

इस दौरान कलेक्टर ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण को लेकर ग्रामीणों से चर्चा करते हुए प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने वन क्षेत्र और वन्यजीवों की सुरक्षा में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

 

भ्रमण के दौरान डीएफओ श्री अशोक कुमार सोलंकी, आईएफएस अपूर्व, आईएफएस शशिकुमार, डिंडौरी एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment