गांधी-शास्त्री जयंती पर महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प

कलेक्ट्रेट में श्रद्धापूर्वक मनाई गई महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती

0 517

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने की। जिलाधिकारी समेत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में रामधुन की गूंज रही।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का देश के निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उनके जीवन, सादगी, त्याग, विचारों और देशसेवा की भावना से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

 

डीएम ने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने आचरण और कार्यों में उतारना चाहिए। गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ ही जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके कार्य का सम्मान किया जाना आवश्यक है।

 

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट रजनीकांत तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक मोहम्मद असलम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। गुरु नानक पाठशाला की टीम ने रामधुन प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन इंदू अजनबी ने किया।

 

अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए देश और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment