सेवा संकल्प अभियान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )
डिंडौरी, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला डिंडौरी द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अटल स्मारक एवं सार्वजनिक जिम के समीप सामूहिक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता करते हुए श्रमदान किया।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थल पर साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाने की दिशा में अपना योगदान दिया। साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की महत्वपूर्ण आधारशिला माना था। उनके विचारों को आत्मसात करते हुए स्वच्छता को केवल एक दिन तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज की परिकल्पना साकार हो सकती है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज सेवा, जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी को मजबूत करना रहा। भाजपा पदाधिकारियों ने सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों में निरंतर सहभागिता निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ये रहे मौजूद
स्वच्छता अभियान में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधराज बिलैया, जिला महामंत्री सुधीर दत्त तिवारी, जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेती, पूर्व विधायक डी.सी. उरेती, वरिष्ठ नेता वीरेंद्र बिहारी शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी राज साहू, जिला कोषाध्यक्ष स्कंद चौकसे, मंडल अध्यक्ष आशीष वैश्य, मोर्चा अध्यक्ष परशराम नागेश, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष नरवरिया मरकाम, पार्षद रजनीश राय, पार्षद रितेश जैन, पार्षद मोहन नरवरिया, शत्रुघ्न पाराशर, हरिहर पाराशर, देवेन्द्र पांडे, मंडल महामंत्री भागीरथ उरेती, मंडल महामंत्री तरुण ठाकुर, मंडल मंत्री यशवंत तोमर, मंडल मंत्री दीपिका भारद्वाज, शांतनु पाठक, परसराम पाराशर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।