नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, घर में घुसकर गाली-गलौज व धमकी देने की शिकायत

0 36

डिंडौरी/शहपुरा। थाना शहपुरा अंतर्गत ग्राम बांसा में 28 सितंबर 2026 की रात करीब 7 बजे एक नाबालिग के घर में जबरन घुसकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर नाबालिग की मां ने पुलिस अधीक्षक डिंडौरी को आवेदन सौंपकर नामजद आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

 

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि रात करीब 7 बजे नामजद व्यक्ति और अपने अन्य साथियों के साथ घर में जबरन घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान आरोपियों द्वारा प्रार्थी की नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। विरोध करने और चिल्लाने पर उसकी आवाज दबाने के लिए कथित तौर पर उसका मुंह दबाया गया।

 

आवेदन के अनुसार, नाबालिग के लगातार विरोध और चिल्लाने के कारण आरोपी अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके। घटना के बाद से नाबालिग और उसका परिवार भयभीत है तथा परिवार ने आरोपियों से जान-माल की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।

 

पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग

 

पीड़िता की मां ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही नाबालिग का नियमानुसार महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में बयान दर्ज कराने और चिकित्सकीय परीक्षण कराने की मांग की गई है।

 

परिवार ने अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित कर निष्पक्ष और शीघ्र जांच कराने की भी मांग की है।

 

पुलिस अधीक्षक कार्यालय डिंडौरी में यह आवेदन 29 सितंबर 2026 को प्राप्त होना बताया गया है। मामले में पुलिस की जांच और आगामी कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

जिला ब्यूरो — मनोज कुमार यादव।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment