छुहिया घाटी में पुलिस टीम पर फायरिंग, NDPS आरोपी को बदमाशों ने छुड़ाया

चार वाहनों में आए हमलावरों ने पुलिस वाहन को घेरा, फायरिंग और बेसबॉल बैट से हमले का दावा

0 2,178

 

सीधी/रीवा। रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर पुलिस टीम पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस की टीम NDPS मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा जिला न्यायालय में पेश करने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान चार वाहनों में आए बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेर लिया और आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ ले गए।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की और बेसबॉल बैट से हमला किया। हमले में पुलिस वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त होने के साथ टायर को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल की तस्वीरों में टूटा हुआ कांच और बेसबॉल बैट दिखाई दे रहे हैं।

तीन बार फायरिंग किए जाने का दावा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने पुलिस टीम पर तीन बार फायरिंग की। इसके बाद पुलिस वाहन में मौजूद आरोपी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

आठ पुलिसकर्मी थे टीम में

बताया जा रहा है कि आरोपी को ले जा रही टीम में करीब आठ पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम के पास AK-47 और पिस्टल जैसे हथियार होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद सीधी एसपी संतोष कोरी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई।

मैहर की ओर जाने की सूचना

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल बदमाशों के वाहनों के मैहर जिले की ओर जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद संभावित मार्गों पर पुलिस द्वारा जांच और तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

फिलहाल घटना के संबंध में पुलिस की आधिकारिक विस्तृत जानकारी और आरोपियों की पहचान सामने आना बाकी है। आधिकारिक बयान के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और हमले में शामिल लोगों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment