सीधी: बहरी थाना क्षेत्र के करौंदी गांव में 28 वर्षीय महिला का शव फांसी के फंदे पर मिला, गांव में सनसनी

0 302

मासूम बेटियों ने घर का दरवाजा खोला तो सामने आया मामला, पुलिस व कार्यपालिक मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे

 

सीधी। जिले के बहरी थाना अंतर्गत ग्राम करौंदी में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 28 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आने के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सोनू साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार में पति-पत्नी और दो बेटियां थीं। पति रामकुमार साहू अन्य प्रदेश में नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था, जबकि दोनों बेटियां स्कूल में पढ़ती हैं।

 

बताया गया कि घटना के समय महिला घर में थी। बाद में जब दोनों बेटियां घर पहुंचीं और उन्होंने दरवाजा खोला तो अंदर महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। बेटियों द्वारा घटना की जानकारी आसपास के लोगों एवं पुलिस को दी गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही बहरी थाना पुलिस के साथ कार्यपालिक मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं

 

महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, इन चर्चाओं की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है।

 

पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं और परिस्थितियों की जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment