नायब तहसीलदार की कार्यप्रणाली से परेशान किसानों ने अधिकारी को हटाने कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

0 7

किसानों के आदेश में अनावश्यक लगाते है शुल्क और सेवाशुल्क के नाम पर प्रकरणों में करते है देरी

 

रिपोर्टर -सोहन श्याम

 

डिण्डौरी/शहपुरा। किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ, महाकौशल प्रांत जिला डिंडोरी ने 24 सितंबर 2026 को कलेक्टर डिंडोरी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) शहपुरा के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। किसान संघ ने मेहंदवानी तहसील में किसानों के भूमि संबंधी मामलों के समय पर निराकरण नहीं होने सहित कई मुद्दे उठाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

 

ज्ञापन में भारतीय किसान संघ ने कहा कि मेहंदवानी तहसील क्षेत्र में किसान अपनी भूमि से संबंधित फौती नामांतरण, विक्रय नामांतरण, बंटवारा एवं कब्जा संबंधी मामलों के लिए नायब तहसीलदार के समक्ष आवेदन प्रस्तुत करते हैं। संघ का आरोप है कि कई मामलों में निर्धारित समयावधि में कार्रवाई नहीं होने से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें अपने मामलों के निराकरण के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

₹5 हजार स्टाम्प शुल्क मांगने का आरोप

ज्ञापन में नायब तहसीलदार मेहंदवानी की कार्यप्रणाली से संबंधित एक अन्य गंभीर शिकायत भी उठाई गई है। संघ के अनुसार, बंटवारा एवं फौती नामांतरण जैसे मामलों में गरीब किसानों से ₹5 हजार स्टाम्प शुल्क जमा कराने के लिए कहा जाता है। किसान संघ ने इस संबंध में राजस्व नियमों एवं लोक सेवा गारंटी व्यवस्था का हवाला देते हुए जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संघ ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की राशि की मांग से गरीब किसानों पर आर्थिक भार पड़ रहा है।

 

न्यायालयीन आदेशों के समय पर पालन की मांग

किसान संघ ने ज्ञापन में कहा कि अनुविभागीय अधिकारी, कलेक्टर, कमिश्नर, व्यवहार न्यायालय एवं जिला न्यायालय सहित वरिष्ठ न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का समय पर पालन नहीं होने से किसानों को अपनी भूमि एवं न्याय से संबंधित मामलों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने संबंधित आदेशों पर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

 

तहसीलदार को हटाने की मांग

 

ज्ञापन में मेहंदवानी तहसीलदार श्री तेजलाल धुर्वे को लेकर भी किसानों की शिकायतों का उल्लेख किया गया है। किसान संघ का कहना है कि तहसीलदार को किसान हित में शीघ्र हटाए जाने के लिए पूर्व में भी शासन-प्रशासन को आवेदन एवं निवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

किसान संघ ने तहसीलदार पर अपने पदीय कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करने तथा व्यवहार एवं आचरण को लेकर भी आरोप लगाए हैं। संघ ने मांग की है कि मामले की जांच कर मेहंदवानी तहसीलदार को तत्काल हटाया जाए, अन्यथा किसानों द्वारा आगे आंदोलन किए जाने की बात कही गई है।

प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग

भारतीय किसान संघ ने ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण, राजस्व प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई, न्यायालयीन आदेशों के पालन तथा तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली की जांच की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो किसान आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।

इस ज्ञापन कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष बिहारी लाल साहू, जिला उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद, सदस्य मटरू दादा आदि लोग रहे उपस्थित।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment